लक्सर मार्ग पर रात के समय नकाबपोश बदमाशों ने हथियारों के बल पर कई ट्रक चालकों से लूटपाट की। घटना के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घंटों बदमाशों की तलाश में जंगल खंगाला, लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिली। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर बदमाशों की गिरफ्तारी की गुहार लगाई है। एसपी सिटी ने एसओ को जल्दी बदमाशों को पकड़ने को कहा है।
पुरकाली-लक्सर मार्ग पर झबरपुर के पास काफी गड्ढे हैं। जिनके कारण वहा से गुजरने वाले वाहनों की बहुत धीमी गति से गुजरना पड़ता है। इस बात का बदमाशों को बहुत अच्छी तरह से पता था, इसीलिए देर रात बदमाशों ने वहां कई ट्रकों से लूट कर दी। बुधवार रात करीब दो बजे पुरकाजी निवासी चालक शादाब को भोगपुर लक्सर, उत्तराखंड से बजरी लाने के लिए लेकर चला था। मालिक का पुत्र सोनू भी ट्रक में साथ था।
रास्ते में झबरपुर के पास टूटी पड़ी सड़क पर जैसे ही शादाब ने ट्रक को धीरे से निकालना शुरू किया तभी आधा दर्जन नकाबपोश बदमाशों ने ट्रक को घेर लिया। बदमाशों ने हथियारों के बल पर चालक से ट्रक को रुकवा लिया। चालक को धमकाते हुए 35 हजार की नगदी लूट ली। इसी दौरान पीछे से आ रहे तीन अन्य 22 टायरा ट्रकों को रोककर बदमाशों ने उनसे भी दस-दस हजार की नगदी लूट ली।
घंटों लूटपाट करने के बाद बदमाश पीड़ितों को धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित चालक शादाब ने घटना की जानकारी ट्रक मालिक व पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना पर पुलिस और ट्रक स्वामी मौके पर पहुंचे और बदमाशों की तलाश में घंटों जंगल की खाक छानी, लेकिन बदमाशों का कुछ पता नहीं चल पाया। एक ट्रक मालिक खुर्शीद ने थाने पर तहरीर देकर बदमाशों को पकड़कर घटना के खुलासे की मांग की। एसओ भानूप्रताप सिंह का कहना है कि जल्दी ही बदमाशों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। एसपी सिटी ने एसओ को जल्दी बदमाशों को पकड़ने को कहा है।
छात्र को नशीला पदार्थ पिलाकर सामान लूटा
पुरकाजी कस्बे के मोहल्ला कानूनगोयान निवासी मनीष गुप्ता का पुत्र सौरभ मोदीनगर के कॉलेज में बीटेक अंतिम वर्ष का छात्र है। दीपावली की छुट्टियों के चलते बुधवार रात वह रोडवेज बस से घर लौट रहा था। मेरठ में रात करीब आठ बजे बस बदलने के दौरान उसने परिजनों को फोन पर अपनी लोकेशन बताई। देर रात तक उसके घर नहीं पहुंचने पर परिजनों को उसकी चिंता सताई। फोन मिलाया तो वह भी बंद आ रहा था।
परिजनों ने रात में ही पुलिस को मामले से अवगत कराया। बृहस्पतिवार सुबह छात्र के उत्तराखंड के मंगलौर में होने की सूचना मिली। परिजन वहां पहुंचे तो उन्हें छात्र बदहवास हालत में मिला। छात्र को घर लाया गया। अभी उसका उपचार चल रहा है। छात्र ने बताया कि रास्ते में किसी ने उसे नशीला पदार्थ पिलाकर उसका लैपटॉप, मोबाइल और नगदी आदि सामान लूट लिया है।