मीरापुर। दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग पर गांव सिकरेड़ा के पास कार सवार बदमाशों ने दो पशु व्यापारियों के ट्रक को ओवरटेक और मारपीट कर उनसे दो लाख 3500 रुपये व तीन मोबाइल लूट लिए। एक अन्य घटना में गांव संभलहेड़ा निवासी किसान से एक लाख 70 हजार रुपये लूटकर किसान को अनूपशहर के जंगल में फेंक दिया।
उत्तराखंड के जनपद उधमसिंह नगर के थाना जसपुर के गांव पतरामपुर निवासी कुलदीप पुत्र करतार सिंह और मुरादाबाद के थाना भगतपुर के गांव चकलोहरा निवासी मतलूब पुत्र यासीन पशुओं का व्यापार करते हैं। दोनों व्यापारी अपना ट्रक लेकर जसपुर से दभेड़ी पशु पैंठ जा रहे थे।
बुधवार प्रात: करीब पांच बजे जब दोनों ट्रक से मीरापुर थाना क्षेत्र के गांव सिकरेड़ा के सामने पहुंचे तभी पीछे से आ रही कार में सवार बदमाशों ने ट्रक को ओवरटेक कर लिया और तमंचों के बल पर दोनों पशु व्यापारियों से मारपीट कर दो लाख 3500 रुपये लूटकर फरार हो गए। बदमाशों की मारपीट में मतलूब के सिर में चोट आई। घटना के बाद पीड़ित मतलूब ने बदमाशों के खिलाफ मारपीट व लूट की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई।
उधर, एक अन्य घटना में संभलेड़ा निवासी किसान फैयाज पुत्र असगर मुजफ्फरनगर की गुड़ मंडी से एक लाख 70 हजार रुपये का भुगतान लेकर बस पकड़ने के लिए मुजफ्फरनगर के रोडवेज बस अड्डे पर पहुंचा। इसी दौरान एक काली स्कॉर्पियो जिसमें तीन लोग सवार थे। उन लोगों ने किसान फैयाज को अपनी कार में सवारी के रूप में बैठा लिया और कार लेकर मीरापुर की ओर चल दिए। जानसठ के पास कार में सवार बदमाशों ने किसान फैयाज को जहरीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया।
फैयाज से बदमाशों ने रुपये व मोबाइल लूट लिया तथा उसको बुलंदशहर जनपद के अनूपशहर के जंगल में ले जाकर फेंक दिया। काफी देर बाद फैयाज होश में आया तो उसे घटना का पता चला। किसी व्यक्ति के मोबाइल से उसने अपने परिजनों को सूचना दी तो परिजन पीड़ित को लेकर घर पहुंचे और घटना की तहरीर मीरापुर पुलिस को दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।