तलाक की रकम चुकाने के लिए युवक ने कलेक्शन किए गए नकदी लूटने की सूचना पुलिस को देकर गुमराह करने की कोशिश की। पुलिस ने इस मामले में आरोपी को दो साथियों सहित गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा कर दिया है।थानाभवन पुलिस आरोपियों को अपने साथ ले गई है।
शहर कोतवाली के सुजडू निवासी असलम पुत्र मुंतयाज शहर निवासी सुनील जैन की नावला स्थित फर्निश फैक्ट्री में कार चालक है। मंगलवार दिन में असलम थानाभवन में फैक्ट्री की रकम की वसूली के लिए गया था। कस्बे से उसने छह लाख 52 हजार रुपयों की वसूली की थी। चालक के मुताबिक रास्ते में खयावड़ी गांव के पास दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने उससे रकम लूट ली। पुलिस को घटना पर शक हुआ।
थानाभवन के एसआई जितेंद्र सिंह ने रात में शहर कोतवाली और सिविल लाइन पुलिस के साथ आरोपियों की तलाश में कई जगहों पर दबिशें दी। पुलिस ने सिविल लाइन क्षेत्र से नईम पुत्र नजरूदीन और फरमान पुत्र अयूब को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों से लूटी गई रकम से छह लाख 39 हजार रुपये बरामद कर लिए।
13 हजार रुपये आरोपियों ने खर्च करना बताया। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी चालक असलम का कुछ दिन पहले अपनी पत्नी से तलाक हुआ था। इस मामले में उसे पत्नी को तीन लाख रुपये देने पड़े थे। इसी रकम की पूर्ति के लिए उसने लूट की घटना का षड्यंत्र रचा। पुलिस के सजगता के चलते घटना का खुलासा हो गया।