खतौली। नकाबपोश चार बदमाशों ने कार एजेंसी के कमीशन एजेंट का अपहरण कर लिया। ग्रामीणों और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। बदमाश घबराकर अपहृत को ईख के खेत में छोड़कर फरार हो गए। पुलिस और ग्रामीणों ने बदमाशों को पकडऩे के लिए घंटों जंगलों में कांबिंग की, लेकिन बदमाश हत्थे नहीं चढ़ सके।
कोतवाली क्षेत्र के गांव भैंसी निवासी जितेंद्र उर्फ पप्पू पुत्र बलराम मुजफ्फरनगर में एक कार एजेंसी में कमीशन एजेंट है। बृहस्पतिवार की रात करीब साढ़े आठ बजे पप्पू बस से नेशनल हाईवे पर झिलमिल होटल के सामने उतरा। पप्पू होटल के सामने से जा रहे कच्चे रास्ते से पैदल गांव के लिए चल दिया।
इसी दौरान रास्ते में उसे चार नकाबपोश बदमाश मिले और उसका पीछा करने लगे तो उसने मोबाइल से ग्रामीणों को सूचना कर दी। बदमाशों ने हथियारों के बल पर एजेंट का अपहरण कर लिया और बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की। अपहरण की सूचना मिलते ही ग्रामीण हथियारों से लैस होकर कच्चे रास्ते पर पहुंचे।
ग्रामीणों को देखकर बदमाशों ने गोलियां चलानी शुरू कर दीं। ग्रामीणों ने भी जवाब में फायरिंग की। ग्रामीणों और बदमाशों के बीच करीब दस मिनट तक मुठभेड़ हुई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर बदमाश घबरा गए। बदमाश घबराकर अपहृत एजेंट को किरण के ईख के खेत में छोड़ कर फरार हो गए।
पुलिस ने बदमाशों को पकडऩे के लिए ग्रामीणों के साथ मिलकर घंटों कांबिंग की, लेकिन बदमाश पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सके। पुलिस ने अपहृत एजेंट से पूछताछ करने के बाद उसे परिजनों को सुपुर्द कर दिया।