दुष्कर्म की शिकायत करने गई महिला के साथ छेड़छाड़ करने के मामले की जांच आंतरिक शिकायत जांच प्रकोष्ठ ने शुरू कर दी है। गुरुवार की सुबह जांच प्रकोष्ठ की टीम प्रभारी महेश बाबू शर्मा के साथ रिपोर्टिंग पुलिस चौकी करोड़ पहुंची और पुलिस कर्मियों, आसपास के लोगों व गांव जाकर ग्रामीणों से जानकारी ली और उनके बयान लिए। उधर दूसरे दिन भी आरोपी सिपाहियों को न तो हटाया गया और न ही पुलिस ने दुष्कर्म मामले की रिपोर्ट दर्ज की गई है। बुधवार को तमाम ग्रामीणों के साथ पुलिस लाइन पहुंची थाना बरखेड़ा की एक 40 वर्षीय महिला ने एसपी को बताया था कि वह अपने साथ दुष्कर्म की शिकायत करने रिपोर्टिंग पुलिस चौकी करोड़ गई थी। जहां पर पुलिस वालों ने उसकी बात तो नहीं सुनी। उल्टे उसके साथ छेड़छाड़ की और कपड़े फाड़ दिए। एसपी जेके शाही ने मामले की जांच आंतरिक शिकायत जांच प्रकोष्ठ को सौंपी थी। गुरुवार को जांच प्रकोष्ठ की टीम प्रभारी महेश बाबू शर्मा के नेतृत्व में सुबह करीब 11 बजे पुलिस चौकी पहुंची। टीम ने पुलिस वालों और आसपास के लोगों से घटना के बाबत जानकारी ली। बाद में उनके बयान दर्ज किए। करीब चार घंटे की पड़ताल के बाद टीम पीड़िता के गांव पहुंची और ग्रामीणों व आसपास के लोगों से घटना की जानकारी हासिल की। टीम ने पीड़िता और ग्रामीणों के भी बयान लिए। जांच अधिकारी महेश बाबू शर्मा ने बताया कि जांच अभी जारी है। जांच पूरी होने के बाद वह अपनी रिपोर्ट एसपी को सौपेंगे। उधर चौकी के आरोपी दोनों सिपाहियों को दूसरे दिन भी नहीं हटाया गया है और न ही पुलिस ने दुराचार के मामले की रिपोर्ट दर्ज की है। एएसपी सुधीर कुमार सिंह का कहना है कि दुराचार और पुलिस वालों द्वारा छेड़छाड़ के आरोपों की जांच चल रही है। जांच में यदि दोनों मामले सही पाए जाते हैं तो रिपोर्ट दर्ज कर जो भी कार्रवाई है वह की जाएगी।