बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से दस हजार का इनामी बदमाश घायल हो गया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार किया। पुलिस ने घटनास्थल से बाइक, तमंचा व चार कारतूस बरामद किये। घायल बदमाश को पुलिस ने चिकित्सालय में भर्ती करवाया है।
रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव नंगला भनवाड़ा का रहने वाला यूसुफ उर्फ नीशू पुत्र मुनव्वर पुलिस के साथ वर्ष 2017 में हुई मुठभेड़ में फरार चल रहा था। न्यायालय के आदेश पर पुलिस उसके घर का सामान भी कुर्क कर चुकी है। न्यायालय द्वारा यूसुफ उर्फ नीशू के खिलाफ वारंट जारी किया गया है। यूसुफ पर दस हजार का इनाम भी घोषित हो चुका था। शनिवार शाम करीब सात बजे यूसुफ कस्बे के चन्धेडी रोड पर खड़ा हुआ था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने यूसुफ का पीछा किया।
बदमाश होने की सूचना पर सीओ हरिराम यादव और इंस्पेक्टर प्रभाकर कैन्तुरा भी मौके पर पहुंच गए। इनामी बदमाश ने पुलिस से घिरा देखकर बाइक सड़क पर डाली और पुलिस पर फायर करते हुए गेहूं के खेत में कूद गया। पुलिस के जवाबी फायर में पैर में गोली लगने से यूसुफ घायल हो गया। पुलिस ने चारों तरफ से घेरकर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। सीओ ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से एक बाइक, एक तमंचा, तीन कारतूस व एक खोखा 315 बोर बरामद किए।
उन्होंने बताया कि बदमाश पर दो डकैती, एक लूट, दो बलवा, दो पुलिस मुठभेड़ सहित एक दर्जन मुकदमे हैं। उन्होंने बताया कि सरधना थाने में भी उसके खिलाफ मुकदमे कायम हैं। पैर में गोली लगने से घायल बदमाश को पुलिस ने कस्बे की सीएचसी पर भर्ती करवाया।
बदमाश का पिता भी हिस्ट्रीशीटर
बुढ़ाना। पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हुए दस हजार के इनामी बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इंसपेक्टर प्रभाकर कैन्तुरा ने बताया कि बदमाश का पिता मुनव्वर रतनपुरी थाने का हिस्ट्रीशीटर बदमाश है। उसके खिलाफ भी हत्या, लूट व डकैती के दर्जनों मुकदमे हैं। मुनव्वर वर्तमान में जिला कारागार में बंद है।