रतनपुरी/खतौली (मुजफ्फरनगर)।
पुुलिस ने मुठभेड़ में 20 हजार के इनामी बदमाश को पकड़ लिया, जबकि दो साथी फरार हो गए। पुलिस की गोली पैर में लगने से बदमाश घायल हो गया। फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस ने घंटों जंगलों में कांबिंग भी की गई, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल सका।
सीओ बुढ़ाना हरिराम यादव ने पत्रकारों को बताया कि शुक्रवार रात 2.30 बजे थानाध्यक्ष रतनपुरी विरेंद्र कसाना, दरोगा संजय राणा और दरोगा सुरेशपाल सिरोही पुलिस बल के साथ गांव सठेड़ी गंगनहर पुल पर चेकिंग कर रहे थे। तभी एक बिना नंबर की कार आती हुई दिखाई दी।
पुलिस ने कार को रोकने का इशारा किया तो उसमें सवार बदमाश फायरिंग करते हुए गांव लोहड्डा मौहम्मदपुर मार्ग की ओर भाग निकले। पुलिस ने मौहम्मदपुर माफी व सलावा मार्ग पर स्थित पीर के पास बदमाशों की कार को घेर लिया। जिस पर बदमाश पुलिस पर फायरिंग करते हुए जंगलों की ओर भागने लगे। पुलिस द्वारा चलाई गोली पैर में लगने से बदमाश गुलजार पुत्र इकराम निवासी न्याजुपुरा, शहर कोतवाली मुजफ्फरनगर घायल हो गया। बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग में थानाध्यक्ष रतनपुरी विरेंद्र कसाना की बुलेट प्रूफ जैकेट में गोली लगी। जिससे वे बाल बाल बचे।
मुठभेड़ के दौरान दो अन्य साथी बदमाश अंधेरे का फायदा उठाते हुए गन्ने के खेतों में घुसकर फरार हो गए। मुठभेड़ की सूचना पर सीओ हरिराम यादव ने पुलिस बल के साथ फरार बदमाशों की तलाश में घंटों जंगल में कांबिंग की, लेकिन बदमाशों को कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस ने घायल बदमाश गुलजार को उपचार हेतु अस्पताल भेजा। पकड़े गए बदमाश के कब्जे से तमंचा, चार खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पकड़े गए बदमाश पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने बदमाशों से पकड़ी गई एक बिना नंबर की कार को भी सीज किया है।
पशु चोरी कर उनको कटकर मांस ले जाते थे
थानाध्यक्ष विरेंद्र कसाना ने बताया कि बदमाश गुलजार पर रतनपुरी थाने के गोकशी के मामले में एसएसपी द्वारा 20 हजार का इनाम घोषित किया गया था। इन बदमाशों ने गत 16 मार्च को रतनपुरी निवासी मलखान की गाय को चोरी करके गांव के बाहर ईंट भट्ठे में काट डाला था। इसके अलावा 26 मार्च को इन बदमाशों द्वारा रतनपुरी में एक आवारा सांड़ को गांव के ही मुनेश की ट्यूबवेल पर काट कर अवशेषों को वहीं छोड़ दिया गया था। गांव के ही चंद्रपाल का बैल और चरणपाल की तीन बकरी भी चोरी करके ले गए थे। पुलिस तभी से इनकी तलाश में जुटी थी। ये बदमाश रात में पशु चोरी करके वहीं पर काटकर मांस कार में भरकर ले जाते थे। शुक्रवार रात को भी बदमाश पशु चोरी करके गोकशी करने की ही फिराक में थे।
बदमाश गुलजार पर एक दर्जन से अधिक मुकदमे
थानाध्यक्ष ने बताया कि घायल बदमाश गुलजार पर मेरठ, खतौली, गंगानगर, कोतवाली मुजफ्फरनगर और रतनपुरी आदि थानों में लूट, गोकशी, चोरी, हत्या के प्रयास, गुंडा एक्ट आदि के एक दर्जन से अधिक मुकदमे पंजीकृत हैं। बदमाश गुलजार ने अपने फरार साथी बदमाशों के नाम कलीम पुत्र जमीर निवासी सूजडू और इरफान उर्फ फान्ना निवासी गहरा बाग खालापार, शहर कोतवाली मुजफ्फरनगर बताए हैं। पुलिस फरार बदमाशों की तलाश में जुट गई है।