मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर में पुलिस ने दो युवकों कृष्ण और काजू को गिरफ्तार कर ऑनरकिलिंग के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा किया है। दोनों ने बहन और उसके प्रेमी की हत्या कर शव गंग नहर में फेंक दिए थे। पुलिस ने मेरठ में सलावा झाल से युवती के प्रेमी का शव बरामद कर लिया है। युवती के शव की तलाश की जा रही है।
मंसूरपुर रेलवे लाइन पार बस्ती निवासी सतीश वाल्मीकि का पुत्र अरुण (18) 10 अप्रैल से लापता था। कुछ लोगों ने अरुण को ले जाते हुए कृष्ण और काजू को देखा था। अरुण के परिवारीजनों ने इन पर शक जताते हुए पुलिस को सूचना दी, जिस पर पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो मामले का खुलासा हुआ। इंस्पेक्टर सुभाष सिंह ने बताया कि कृष्ण की बहन आंचल से अरुण का प्रेम-प्रसंग चल रहा था। परिवार ने आंचल को गांव खानपुर में उसके मामा के यहां भेज दिया था। इसके बावजूद दोनों आपस में मिलते रहे।
इससे नाराज कृष्ण ने 10 अप्रैल को आंचल से अरुण को फोन करवाकर मिलने के लिए खानपुर में बुलवाया। मंसूरपुर में रास्ते में ही युवती के भाई कृष्ण और उसके दोस्त काजू ने अरुण को बाइक पर बैठा लिया और उसे लेकर खतौली में रेलवे के लोहे के पुल के पास पहुंच हए। यहां पर अरुण की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को गंगनहर में फेंक दिया। दो दिन बाद 12 अप्रैल को कृष्ण अपनी बहन आंचल को घर ले जाने के बहाने जौली गंगनहर पर पहुंचा। उसकी भी गला दबाकर हत्या कर दी। इस शव को गंगनहर में फेंक दिया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी काजू के पिता समेत तीन रिश्तेदारों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।