लखनऊ में मारे गए आतंकी सैफुल्लाह की घटना के बाद हरदोई पुलिस ने मेरठ और मुजफ्फरनगर के 11 युवकों की कुंडली खंगालने के लिए खुफिया विभाग को फैक्स भेजा है। सूत्रों के अनुसार युवक हरदोई में कपड़ों की फेरी लगाते हैं। दो युवकों की आईडी और होटल के रजिस्टर में दर्ज नामों में फर्क पाया गया है। पुलिस गोपनीय तरीके से युवकों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।
सूबे की राजधानी लखनऊ में मंगलवार रात एटीएस और पुलिस ने आईएस के आतंकी सैफुल्लाह को एक मकान में मार गिराया। आतंकी की मौत के बाद शासन के आदेश पर पुलिस ने प्रदेश में संदिग्धों की तलाश में अभियान चलाया। अभियान के दौरान हरदोई पुलिस ने शहर के होटलों और लॉज में ठहरे 11 युवकों को हिरासत में लिया गया। सभी युवक मेरठ और मुजफ्फरनगर के बताए जा रहे हैं। दो युवकों की आईडी में लिखे गए पिता के नामों में होटल के रजिस्टर में दर्ज नामों में फर्क आने से पुलिस ने सभी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
युवकों के पास से पुलिस को 50 साड़ियां मिली हैं। पकड़े गए युवकों ने बताया कि सभी कपड़ों की फेरी का काम करते हैं। मौके पर मिली साड़ियां बेचने के लिए लाई गई हैं। साड़ियों को जौनपुर से लाकर हरदोई और आसपास के क्षेत्र में फेरी के माध्यम से बेचा जाता है। हरदोई पुलिस ने जनपद के खुफिया विभाग से संपर्क साधा है। सभी युवकों के नाम और पतों का फैक्स भेजकर उनके बारे में जानकारी देने को कहा है। पुलिस अपने स्तर से युवकों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
आईजी के आदेश पर पुलिस हुई सतर्क
राजधानी में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए आतंकी सैफुल्लाह की मौत के बाद प्रदेश में आईजी जोन के आदेश पर हाईअलर्ट कर दिया गया है। जनपद पुलिस ने अलर्ट के चलते शहर और देहात में चौकसी बढ़ा दी है। पूरे जिले में वाहनों की चेकिंग और होटल आदि की तलाशी पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस को एहतियातन सतर्क रहने को कहा गया है।
सूबे की राजधानी लखनऊ में आतंकवादी के मारे जाने और कानपुर, इटावा में सदिग्धों के पकड़े जाने पर आईजी जोन अजय आनंद ने जोन में हाईअलर्ट कर दिया है। पुलिस को 24 घंटे सतर्क रहने को कहा गया है। अलर्ट के चलते पूरे जिले में हाईवे और लिंक मार्गों पर वाहनों को चेक किया जा रहा है। पुलिस ने शहर के होटलों, लॉज और धर्मशालाओं में रुके लोगों की आईडी और रजिस्टरों को चेक किया है।
बस अड्डे, रेलवे स्टेशन और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में डॉग स्कवाड और बम निरोधक दस्तों से चेकिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। बसों और ट्रेनों में रखे सामान को सघनता से चेक किया जा रहा है। लोगों को लावारिस सामान से दूर रहने को कहा गया है। मंदिर और मस्जिदों के पास पुलिस गश्त बढ़ाई गई है। शहर में रहने वाले किराएदारों की कुंडली पुलिस खंगाल रही है। पुलिस ने मकान मालिकों से किराएदारों की आईडी की फोटो स्टेट मंगाई है। आतंकी के मारे जाने के बाद पुलिस पूरी तरह से अलर्ट हो गई है।
हरदोई में सभी 12 संदिग्धों को छोड़ा
लखनऊ में आतंकी गतिविधियों के खुलासे के बाद मंगलवार को जिले में पकड़े गए 12 संदिग्धों के नाम व पते सत्यापन में सही पाए जाने पर बुधवार की सुबह उन्हें छोड़ दिया गया। कोतवाली पुलिस ने गंगा जमुना, राजस्थान गेस्ट हाउस व मृगनयनी सहित दर्जन भर होटलों में छापा मारकर 12 संदिग्धों को हिरासत में लिया था। सभी लोग मेरठ व मुजफ्फरनगर के हैं। उनके नाम व निवास का सत्यापन संबंधित थानों से किया गया। एएसपी पूर्वी बीसी दुबे ने बताया कि सत्यापन के बाद सब कुछ ठीकठाक मिलने पर सभी को छोड़ दिया गया।