बुढ़ाना। सफीपुर पट्टी के एक युवक की शुक्रवार रात चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। हत्यारों ने शव को बड़ौत रोड पर एक खेत में फेंक दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसका पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक के परिजनों ने पड़ोस की युवती सहित पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
मोहल्ला सफीपुर पट्टी के सफीपुर रोड निवासी मुरसलीम (20) पुत्र इस्तकार कपड़े की फेरी का कार्य करता था। शुक्रवार रात करीब आठ बजे पड़ोस का युवक आशू उसे बुलाकर ले गया था। घर नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश में जुटे रहे। पुलिस को सूचना दी गई तो परिजन और पुलिस मिलकर उसकी तलाश करने लगे।
रात करीब 11 बजे बड़ौत रोड पर किसान कृष्णपाल की ट्यूबवेल के पास उसकी बाइक लावारिस हालत में खड़ी मिली। एसओ अरुण त्यागी ने पुलिस बल के साथ आसपास मुरसलीन की तलाश की तो कुछ दूरी पर आगे जाकर ट्यूबवेल के पीछे एक युवक का शव पड़ा हुआ मिला। युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या की गई थी। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने युवक की शिनाख्त मुरसलीम के रूप में की। हत्या का पता चलते ही परिवार में कोहराम मच गया और कस्बे में भी हड़कंप मच गया। पहले तो ऑनर किलिंग की बात सामने आई। मृतक के पिता इस्तकार ने पुलिस को बताया कि पड़ोस का आशू ही मुरसलीन को घूूूमने के बहाने से घर से बुलाकर ले गया था।
उसके बाद उसका कुछ पता नहीं चल पाया। पुलिस ने किसी हंगामे की आशंका के चलते रात में ही शव का पंचनामा भर दिया। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम कराया गया। मृतक के पिता इस्तकार ने मोहल्ले के आसू पुत्र कय्यूम, इकबाल व गय्यूर पुत्र कदीर, गुलफाम पुत्र गय्यूर और रेशमा पुत्री गय्यूर के खिलाफ रंजिशन हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
हत्या का कारण वादी ने छह माह पूर्व दोनों पक्षों में हुई मारपीट का कारण बताया है। तहरीर में मृतक के पिता ने आरोप लगाया है कि हत्यारोपियों ने वारदात को अंजाम देेने के बाद घर आकर बताया कि उन्होंने मारपीट का बदला ले लिया है। मामले में पुलिस कोई गिरफ्तारी नहीं कर सकी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
ऑनर किलिंग की चर्चा
बुढाना। मुरसलीन की हत्या के मामले में पिता ने पुरानी रंजिश होने के चलते मुकदमा दर्ज कराया है, लेकिन सूत्रों की माने तो मामला प्रेम-प्रसंग का बताया जा रहा है। मोहल्ले की युवती से युवक का प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है। एसओ अरुण त्यागी का कहना है कि पुलिस भी हत्या का कारण प्रेम-प्रसंग मान रही है।