सरेआम महिला के गले से सोने की चेन झपटी
- फोटो : demo pic
मिल एरिया थाना क्षेत्र में शनिवार को बाइक सवार नकाबपोश दो बदमाशों ने रिटायर्ड इंस्पेक्टर की बेटी से सोने की चेन लूट ली। लूटी गई चेन की कीमत 30 हजार रुपये है। बदमाशों ने वारदात को उस समय अंजाम दिया, जब वह घर का सामान खरीदने बाजार जा रही थी।
पीड़िता ने एक बदमाश को पकड़ लिया, लेकिन इस पर उसने असलहा तान दिया। छीना झपटी में एक बदमाश का चेहरा खुल गया, जिससे उसने पहचान भी कर ली। पुलिस स्कैच बनवाकर बदमाशों को पकड़ने का प्रयास कर रही है।
शिवाजी नगर निवासी एवं रिटायर्ड इंस्पेक्टर बृजेंद्र सिंह की बेटी सपना सिंह शाम को घर का सामान खरीदने के लिए पैदल बाजार जा रही थी। शिवाजी मोड़ पर एक बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे ओवरटेक किया। बदमाश अंगोछे से चेहरा ढके हुए थे। इससे पहले कि सपना कुछ समझ पाती, बदमाश गले में पहने सोने की चेन छीनने लगे।
छीना झपट्टी में सोने की चेन जमीन पर गिर पड़ी। सपना ने बहादुरी दिखाते हुए एक बदमाश को पकड़ लिया। इस पर दूसरे बदमाश ने सपना की कनपटी पर असलहा तान दिया। इसके बाद बदमाश चेन लेकर बाइक पर सवार होकर मौके से भाग गए।
छीना-छपटी में एक बदमाश का चेहरा खुल गया, जिससे सपना ने उसे पहचान लिया। सपना के मुताबिक लूटी गई चेन की कीमत 30 हजार रुपये है। पुलिस पहचाने गए बदमाश के बारे में सपना से पूछताछ करके उसका स्कैच तैयार कर रही है। थानेदार अशोक सिंह का कहना है कि जल्द बदमाशों को पकड़ा जाएगा।