चरथावल पुलिस ने गैस गोदाम पर कर्मचारी को घायल कर दो लाख की नगदी लूटने के मामले का खुलासा कर दिया है। शामली क्राइम ब्रांच के हत्थे चढ़े तीन बदमाशों में एक ने चरथावल की घटना में संलिप्त होना कबूल किया है। जबकि उनके तीन साथी फरार हैं।
30 अगस्त को चरथावल बालाजी इंडेन गैस एजेंसी के गोदाम पर बाइक सवार चार बदमाशों ने कर्मचारी रामगोपाल को घायल कर लूटपाट की थी। एसएचओ कमल सिंह चौहान ने बताया कि इस मामले शामली क्राइम ब्रांच ने स्कॉर्पियो चालक की हत्या और लूटपाट में शामिल तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उनमें से एक पिंटू शर्मा निवासी गांव सारा थाना निवाड़ी जनपद गाजियाबाद ने चरथावल की गैस गोदाम की लूटपाट की घटना में शामिल होना स्वीकार किया है।
उसने तीन साथियों के नामों का भी खुलासा कर दिया है।
विशाल ने तमंचे की बट मारकर रामगोपाल को घायल किया था। हालांकि उसने लूट की रकम को फरार आरोपियों के पास होने का दावा किया है। बताया कि गैस गोदाम से लूटी कुल रकम 45,700 रुपये थी, जिसका बंटवारा नहीं हो पाया था। पूरी रकम फरार तीन आरोपियों के पास बताई गई है।
निरधना के युवक ने की थी रेकी
पुलिस के मुताबिक निरधना के युवक ने पहले कोई अन्य काम कराने के लिए चारों से कहा, लेकिन फंसने के डर से वह काम नहीं हो पाया, तो गैस गोदाम पर लूट की सलाह दे दी। चारों युवक निरधना में रेकी करने वाले युवक के पास ठहरे थे। पूरी रणनीति के बाद 30 अगस्त को चारों ने वारदात को अंजाम दिया। चारों बदमाशों की जेल में दोस्ती हो गई थी।