फूलपुर कस्बे में सोमवार दोपहर टवेरा सवार लोगों ने चाय और किराना की दुकान से तीन युवकों को दबोचा और लेकर चले गए। सूचना पर युवकों के परिजन भी आए मगर कुछ पता नहीं चल सका। स्थानीय पुलिस से कुछ जानकारी नहीं मिली तो अफसरों से शिकायत की।
फूलपुर कस्बे के शेखपुर मुहल्ले में सोमवार दोपहर चाय की दुकान के सामने एक टवेरा गाड़ी आकर रुकी। गाड़ी से उतरे लोगों ने अचानक दुकान में बैठे एक युवक को दबोच लिया। फिर कुछ दूर स्थित मोबाइल शॉप तथा किराने की दुकान पर बैठे तीन युवकों को पकड़ा और टवेरा में लेकर निकल गए। अचानक हुई इस घटना से आसपास मौजूद लोग सन्न रह गए मगर कोई भी टवेरा से आए लोगों से कुछ पूछ भी नहीं सका। टवेरा जाने के बाद लोग एकत्र होकर इस बारे में बात करने लगे।
टवेरा में खींचकर अगवा किए गए युवकों के परिजनों को पता चला तो उन्होंने फैक्स के जरिए आला पुलिस अफसरों को शिकायती पत्र भेजा। स्थानीय पुलिस ने आशंका जाहिर की है कि हो सकता है कि क्राइम ब्रांच या एसटीएफ ने धरपकड़ की हो।