तीन युवकों ने नशीला पदार्थ सुंघा कर एक युवती का अपहरण कर गैंगरेप किया। पीड़िता चकमा देकर आरोपियों की चंगुल से छूटकर भाग आई। परिजनों की तहरीर पर शहर कोतवाली पुलिस ने अपहरण और गैंगरेप का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पीड़िता को डॉक्टरी के लिए भेजा गया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी 21 वर्षीय युवती शुक्रवार को परिजनों के साथ शहर कोतवाली पहुंची। बताया कि दो दिन पहले वह किसी कार्य से पास के मोहल्ले में जा रही थी। आरोप है कि वहीं के रहने वाले तीन युवकों ने उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर उसका अपहरण कर लिया। आरोपी उसे कार में डालकर हरिद्वार ले गए। आरोप है कि वहां आरोपियों ने उसे एक कमरे में बंधक बना लिया और उसके साथ गैंगरेप किया।
आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने उसकी पिटाई भी की। वह किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर अपने घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर पर कार्रवाई करते हुए युवती का चिकित्सीय परीक्षण कराकर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता के कोर्ट में बयान कराए जाएंगे।