घटना की जानकारी देते पीड़ित किसान।
- फोटो : अमर उजाला
फुलत मार्ग पर दिनदहाड़े आधा दर्जन बदमाशों ने बाइक सवार ग्रामीणों को हथियारों के बल पर लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने ग्रामीणों पर तमंचे की बट्टों और सरियों से हमला कर घायल कर दिया। सूचना पुलिस को दे दी गई है।
रतनपुरी के गांव चंदसीना के रहने वाले शमशाद पुत्र शादी, डॉ. गुफरान व इकलाख पुत्र शमशाद और भनवाड़ा निवासी शकील सोमवार सुबह करीब आठ बजे गांव से दो बाइकों पर बैठकर जानसठ क्षेत्र के गांव सादपुर से भैंसा खरीदने के लिए जा रहे थे। फुलत मार्ग पर राजवाहे की पुलिया के पास पहले से घात लगाए बैठे करीब आधा दर्जन बदमाशों ने उनको रोक लिया।
तमंचों से आतंकित करते हुए शकील से 56 हजार रुपये की नगदी लूट ली। ग्रामीणों ने लूटपाट का विरोध किया। जिस पर बदमाशों ने तमंचों की बटों और सरियों से हमला कर घायल कर दिया। इसके बाद बदमाश गोली मारने की धमकी देते हुए ईंख के खेत में घुसकर फरार हो गए।
बदमाशों के जाने के बाद घायलों ने परिजनों को फोन करके परिजनों को खबर दी। परिवार के लोग घटनास्थल पहुंचे। परिजनों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया और रतनपुरी पुलिस को सूचना दी। सूचना पर यूपी 100 डायल गाड़ी की पुलिस बदमाशों की तलाश में घंटों जंगल के रास्तों पर घूमती रही, लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे।