जिला अस्पताल में राधारानी के बेटे आशीष से घटना की जानकारी लेते एसएसपी।
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरनगर की एटूजेड कॉलोनी निवासी राधारानी की जिस तरीके से हत्या की गई, उससे पुलिस का मानना है कि वारदात योजनाबद्ध तरीके से की गई है। कनपटी पर सटीक निशाना लगाकर गोली मारने से पुलिस को यह भी आशंका है कि हत्या भाड़े के शूटरों से कराई गई है। फिलहाल पुलिस कई बिंदुओं को अपनी जांच का हिस्सा बनाकर तहकीकात में जुटी है।
पुलिस का यह भी मानना है कि बदमाश कई दिनों से वारदात को अंजाम देने के लिए राधा रानी की रेकी कर रहे होंगे और मौका मिलने पर हत्या कर दी। महिला रोजाना ही शाम करीब सवा पांच बजे स्कूटी से दूध लेने अवध विहार जाती थी। शायद यह हत्यारे जानते थे। माना जा रहा है कि हत्यारे अवध विहार से ही राधा रानी के पीछे लगे होंगे। अवध विहार चौराहे से एटूजेड रोड सुनसान है। हत्यारों ने इसी स्थान को वारदात को अंजाम देने के लिए चुना। जैसे ही महिला कालोनी से पहले सुनसान रोड पर पहुंची, तभी पीछे लगे बाइक सवार बदमाश उसके निकट आए और उसे रुकवा कर कनपटी पर गोली मारकर फरार हो गए। हत्यारे ने किल प्वाइंट पर ही गोली मारी, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि हत्या में भाड़े के शूटरों का इस्तेमाल किया गया है।
बेटे ने की थी लवमैरिज, कोर्ट में चल रहा मामला
मुजफ्फरनगर। महिला राधारानी की हत्या में पुलिस की जांच कई बिंदुओं पर चल रही है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच-पड़ताल की तो कई बातें सामने में आईं। हालांकि अभी तक हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। मृतक राधारानी के पति ओमकुमार सिंघल सिंचाई विभाग में अधीक्षण अभियंता के पद पर कार्यरत थे, जो नईमंडी के गांधी नगर में रहते थे। वहां भी इनकी प्रॉपर्टी है। करीब आठ साल पहले ओमकुमार की अचानक मृत्यु होने पर इकलौते बेटे आशीष सिंघल को सिंचाई विभाग में मृतक आश्रित कोटे में क्लर्क की नौकरी मिली थी। आशीष सिंघल पिता की मौत के बाद एटूजेड कालोनी में मां राधारानी के साथ रहने लगा था।
बताया गया है कि इसी दौरान शहर की ही दूसरे समाज की युवती से आशीष सिंघल ने प्रेम विवाह किया था। यह शादी सफल नहीं हो सकी। पति-पत्नी के बीच मनमुटाव के चलते उसकी पत्नी अपने मायके में रह रही है। अब दोनों के बीच तलाक का मामला कोर्ट में विचाराधीन है। शनिवार शाम को राधारानी की हत्या होने पर पुलिस उक्त सभी बिंदुओं को भी अपनी जांच में शामिल कर तहकीकात में जुटी है। इंस्पेक्टर नईमंडी कुशलपाल सिंह ने बताया पुलिस उक्त बिंदुओं को भी जांच में शामिल कर जांच-पड़ताल की जा रही है।
ससुर, साले और पत्नी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर। नईमंडी इंस्पेक्टर कुशलपाल सिंह ने बताया कि मृतका राधारानी के बेटे आशीष मित्तल ने गांधीनगर निवासी अपने ससुर मदन, साले रजत और पत्नी भावना के खिलाफ हत्या का नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। उसका आरोप है कि इन्होंने ही उसकी मां की हत्या की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।