मुजफ्फरनगर। अपहृत बेटी की तलाश में जुटी मां को आरोपी ने चुपचाप घर बैठने की धमकी दी। पीड़िता नहीं मानी तो आरोपी ने उसके पति को भी गायब करा दिया है। महिला पुलिस के पास पहुंची, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिसके बाद उसने एसपी सिटी से मुलाकात की। जिसके बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
शहर कोतवाली के न्याजूपुरा निवासी आमना पत्नी खलील ने बताया कि बेटी शमीना (19) के साथ 14 मई की रात आठ बजे मोहल्ले में ही दुकान पर गई थी। तभी मोहल्ले के नामजद आरोपी बाइक से वहां आए और एक ने बेटी को जबरन बाइक पर बैठा लिया और फरार हो गया। पीड़िता ने पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी दी। इसी बीच आरोपी ने पीड़िता को फोन पर धमकी देकर कहा कि यदि मामले की शिकायत की तो तुम्हारे पति को उठा लेंगे। जिसके बाद 18 मई को पीड़िता का पति खलील भी लापता हो गया।
मामले की जानकारी शहर कोतवाली पुलिस को दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। पति और बेटी से अनहोनी की आशंका जताते हुए पीड़िता ने परिजनों के साथ शनिवार को पुलिस ऑफिस पहुंचकर एसपी राजेश कुमार सिंह को मामले की जानकारी दी। उन्होंने शहर कोतवाली पुलिस को लताड़ लगाई। पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुटी है। बेटी और पति के गायब होने से पीड़िता परेशान है।
लेखपाल लापता, पुलिस ने लगाई गुहार
मुजफ्फरनगर। नईमंडी कोतवाली के गांधी नगर निवासी ओमपाल लेखपाल है। एक सप्ताह पूर्व वह घर से सुबह के समय तहसील जाने की बात कहकर निकला था। उसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चल पाया। घर नहीं लौटने पर परिजन दिन-रात उसकी तलाश में जुटे हैं। लेखपाल का मोबाइल भी बंद आ रहा है। कुछ पता नहीं चलने पर परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर उसकी सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।