मंसूरपुर। बदमाशों ने खेत में पानी चला रहे किसान का हथियारों के बल पर अपहरण कर लिया और उसके नौकरों से तीस हजार रुपये की फिरौती मंगाई, तब कहीं जाकर किसान को छोड़ा।
अपहरण की सूचना पर पुलिस ने ग्रामीणों को साथ लेकर बदमाशों को पकड़ने के लिए जंगलों में घंटों कांबिंग की, लेकिन बदमाशों का कहीं पता चल सका।
थाना मंसूरपुर क्षेत्र के गांव नावला निवासी किसान विनोद पुत्र धर्मपाल शुक्रवार की शाम दो नौकरों को साथ लेकर खेतों में पानी चलाने के लिए गए थे। इस दौरान चार-पांच बदमाश खेतों में पहुंचे और हथियारों के बल पर किसान विनोद का अपहरण कर लिया।
बदमाशों ने नौकरों से कहा कि जब तक वे किसान के घर से पचास हजार रुपये लाकर नहीं देंगे, वे किसान को नहीं छोडे़ंगे और पैसे नहीं मिलने पर किसान की गोली मारकर हत्या कर देंगे। दोनों नौकर किसान के घर पर पहुंचे और परिजनों को घटनाक्रम बताया तो उन्होंने घर में रखे तीस हजार रुपये दे दिए।
नौकर तीस हजार रुपये लेकर जंगल में पहुंचे। रकम देने पर बदमाशों ने किसान को सकुशल छोड़ दिया। किसान गांव में पहुंचा तो उसने ग्रामीणों को घटनाक्रम बताया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ बदमाशों को पकड़ने लिए जंगलों में घंटों कांबिंग की, लेकिन बदमाश पुलिस हत्थे नहीं चढ़ सके। समाचार लिखे जाने तक कांबिंग जारी थी।