बुढ़ाना। पुलिस ने तीन अंतर्राज्यीय बाइक लुटेरे गिरफ्तार किए हैं। इनके कब्जे से अलग-अलग स्थानों से लूटी गईं छह बाइक और तीन छुरी बरामद की हैं। लुटेरे गिरोह के सदस्यों में दो हरियाणा के तथा एक लुटेरा फुगाना के लोई का रहने वाला है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बृहस्पतिवार शाम कस्बे की करबला रोड स्थित कांशीराम आवासीय योजना के बंद पडे़ फ्लैट में छापा मारा। एक फ्लैट से उन्होंने तीन युवकों को गिरफ्तार किया। मौके से तीन बाइक बरामद की गईं। युवकों की निशादेही पर पुलिस ने एक अन्य बंद पड़े फ्लैट में छिपाई गईं तीन बाइक और बरामद कीं।
इंसपेक्टर कमल सिंह यादव ने पकडे़ गए युवकों में भारत हरियाणा के रोहतक के मोहल्ला बालकनाथ कॉलोनी का रहने वाला है। दूसरा बबलू भी रोहतक के ही खोखरा कोर्ट रोड का रहने वाला है।
जबकि तीसरा सद्दाम फुगाना थाना के गांव लोई का रहने वाला है। वह भी रोहतक में रह रहा है। उनके कब्जे से मिलीं छह बाइक हरियाणा नंबर की हैं। जो रोहतक, करनाल व पानीपत आदि से लूटी गई हैं। इस गिरोह तथा बरामद बाइकों के संबंध में रोहतक पुलिस को भी सूचना दे दी गई है। रोहतक पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पकड़ा गया भारत शातिर अपराधी है। इसके विरुद्ध रोहतक कोतवाली में कई मुकदमे दर्ज हैं।