अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर/पुरकाजी। मेरठ के कारोबारी मनोज गुप्ता का अपहरण कर फिरौती वसूलने के मामले में ब्लाक प्रमुख पति विनय त्यागी उर्फ टिंकू का नाम सामने आने के बाद पुलिस ने उनके करीबियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
मंगलवार शाम देहरादून एसओजी ने त्यागी के एक और करीबी को उठा लिया। अचानक हुई कार्रवाई पर अपहरण का हल्ला मच गया। काफी देर बाद मामले की असलियत सामने आई।
भैंसानी निवासी मिंटू त्यागी पुत्र मदन त्यागी गांव के ही अपने साथी रामजीलाल के साथ कुछ पेमेंट लेकर मंगलवार शाम पुरकाजी से अपनी बाइक से गांव लौट रहा था।
हाईवे पर खड़का वाला बाग के पास पहले से ही इंतजार में खड़े बोलेरो सवार कुछ लोगों ने उसकी बाइक को धक्का देकर गिराया और तेजी से झपटते हुए उसे बोलेरो में डालकर भाग गए। रामजीलाल ने पुलिस को अपहरण और लूट की सूचना कर दी।
लूट की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस हाईवे पर दौड़ी और मिंटू को ले जानी वाली गाड़ी की काफी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। काफी देर बाद पुलिस को पता लगा कि उसे देहरादून एसओजी की टीम उठाकर लेकर गई है।
प्रभारी निरीक्षक चरन सिंह यादव ने बताया कि मिंटू त्यागी को देहरादून एसओजी की टीम ने उठाया है। सर्विलांस टीम ने मिंटू को फिरौती मिल जाने की बात करते हुए सुना है। फिरौती के मामले में उक्त व्यक्ति की भूमिका पाई गई है।
चुनाव में निभाई सक्रिय भूमिका
पुरकाजी। देहरादून एसओजी की टीम ने भैंसानी निवासी जिस व्यक्ति को उठाया है, उसका बेटा शुभम गांव से इस बार क्षेत्र पंचायत सदस्य चुना गया है।
विनय त्यागी के चुनाव में इसने काफी सक्रिय भूमिका निभाई थी। काफी बीडीसी गांव में इसी के आवास पर रुके थे। प्रमुख पद के चुनाव के लिए सभी तरह का जोड़तोड़ करने में इसकी काफी भूमिका रही थी।
एसओजी के रडार पर अभी कई नंबर
मेरठ के कारोबारी मनोज गुप्ता से फिरौती वसूलने के आरोपी विनय त्यागी का सहयोग करने वाले अभी कुछ और लोग भी पुलिस के हत्थे चढ़ सकते हैं। कुछ संदिग्ध नंबरों को सर्विलांस पर लिया गया है। पुलिस इस मामले में अब तक एसओजी तीन लोगों को उठा चुकी है।
चार दिन पूर्व शहर कोतवाली के जटनंगला निवासी विकास, शहर के रामपुर निवासी अंबुज त्यागी और मंगलवार को भैंसानी निवासी मिंटू त्यागी को देहरादून की एसओजी टीम उठा ले गई। पिछले माह ही विनय त्यागी ने पुरकाजी ब्लाक पद पर अपनी पत्नी निशि त्यागी को जिताया था। कारोबारी के अपहरण में विनय त्यागी का नाम सामने आने पर उनके करीबियों ने भी दूरियां बना ली हैं।