खतौली। दुल्हेंडी पर होली खेलते समय रंग ठेली पर रखे केलों पर गिर गया। जिसको लेकर दो समुदायों के लोग आमने सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच धारदार हथियार चल पड़े। हमले में तीन युवक घायल हो गए। जिससे मोहल्ले में तनाव फैल गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बमुश्किल स्थिति को संभाला। तनाव को देखते हुए मोहल्ले में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मोहल्ले के लोगों ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने का घेराव किया।
मोहल्ला जैननगर में बृहस्पतिवार को दुल्हेंडी के दिन युवक डीजे बजाकर नाच रहे थे और रंग से होली खेल रहे थे। मोहल्ले का ही रहने वाला मोमीन फलों की ठेली लगाता है। मोमीन के घर के सामने केलों की ठेली खड़ी थी। होली खेलते हुए युवकों से रंग केलों की ठेली पर गिर गया। रंग गिरने को लेकर मोमीन की युवकों के साथ कहासुनी हो गई। कहासुनी के बाद दोनों समुदायों के लोग आमने सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी डंडे व धारदार हथियार चल पड़े।
हमले में सौरभ, सचिन सहित तीन युवक घायल हो गए। जिससे मोहल्ले में तनाव फैल गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर बमुश्किल मामला शांत किया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों समुदायों में तनाव को देखते हुए मोहल्ले में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
बृहस्पतिवार की देर शाम को मोहल्ले के लोगों ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को थाने का घेराव किया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया। फिलहाल तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।