फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बेटी के हाथ पीले करना चाहते थे मोहरपाल, रोहाना में होना था रिश्ता, पुलिस तहकीकात में जुटी 

Fri, 22 Dec 2017 12:38 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो/ मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
पीड़ित परिवार से वार्ता करते एसएसपी अनंतदेव। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
चरथावल के लुहारी खुर्द गांव के डबल मर्डर में पुलिस 48 घंटे बाद भी कातिलों का सुराग लगाने में नाकाम है। पुलिस की कई टीमें तफ्तीश में जुटी हैं। घटना के खुलासे के लिए अफसरों ने पूरी ताकत लगा दी है। कप्तान अनंत देव ने खुद मौके पर पहुंचकर चार घंटे तक तहकीकात की।
विज्ञापन


एक घंटे तक कप्तान ने पीड़िता के घर में परिवार के लोगों से अलग-अलग बातचीत कर सुराग तलाशने की कोशिश की। पुलिस को जानकारी मिली है कि मृतका प्राची के लिए लड़का देखा गया था, जल्द ही सगाई की रस्म होनी थी। पुलिस सभी बिंदुओं पर काम कर रही है। 

लुहारी खुर्द की दलित छात्रा प्राची और उसे मासूम भांजे की हत्या को पुलिस ने चुनौती के रूप में लिया है। पुलिस हर एंगल पर काम कर रही है। वारदात को 48 घंटे से अधिक का समय बीत चुका है, अभी तक पुलिस किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है। फिलहाल घटना का मोटिव भी स्पष्ट नहीं है। बीए की छात्रा प्राची और मासूम नवदीप को इतनी बेरहमी से मौत के घाट क्यों उतारा गया, यह सवाल अभी मिस्ट्री बना हुआ है।
विज्ञापन


पीएम रिपोर्ट में भी छात्रा के साथ रेप आदि की पुष्टि नहीं हुई है। मौके पर मिले विदेशी मुद्रा के सिक्के से भी क्लू खोजने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ऐसे लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है, जो हाल ही में सऊदी से आए हैं। वारदात के बाद से मृतका प्राची का शॉल भी गायब है। शॉल में जंगल में तलाशा जा रहा है।

पुलिस के साथ ग्रामीण भी दिनभर खेतों में शॉल की खोजबीन करते रहे। आशंका जताई जा रही है कि कातिलों ने हत्या में जिन धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया, वारदात के बाद खून से सने हथियारों को उसी शॉल में लपेटकर ले जाया गया होगा। मृतका प्राची मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करती थी, लेकिन कातिलों ने अगर मोबाइल का इस्तेमाल किया होगा, तो उसे ट्रेस करने की भी कोशिश की जा रही है।

क्राइम ब्रांच और बीटीएस टीम ने संबंधित टावर की रेंज में आने वाले मोबाइल नंबरों की पड़ताल शुरू की है। देखा जा रहा है कि वारदात के पहले अथवा बाद में संबंधित टावर के एरिया से किसने और किसके नंबर पर कॉल की। इस दौरान सक्रिय रहे हजारों मोबाइल नंबर पुलिस के रडार पर हैं। इनमें से संदिग्ध नंबरों की खोजबीन हो रही है।

वारदात के आसपास कॉल हुई तो किस बारे में और क्या बात हुई, इन सब चीजों का मिलान किया जा रहा है। पुलिस तहकीकात में कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहती। एसएसपी अनंत देव अपने सभी एक्सपर्ट्स को केस के खुलासे में लगा दिए हैं। कप्तान अनंत देव का कहना है कि पुलिस पूरी सिद्दत से कातिलों की तलाश में जुटी है। हर बिंदू पर तहकीकात हो रही है। कातिल जल्द पुलिस की पकड़ में आ जाएंगे। 

रोहाना में होनी थी  युवती की सगाई 
मृतका के पिता मोहरपाल बेटी के हाथ पीले करने की तैयारी में लगे थे। पुलिस की तहकीकात में यह बात सामने आई है कि मोहरपाल ने अपनी बेटी प्राची और उसकी बड़ी बहन के लिए रोहाना में दो सगे भाइयों से रिश्ता करने की तैयारी थी। परिवार के लोगों ने दोनों लड़कों की देखभाल भी कर ली थी।

पुलिस ने रोहाना से दोनों युवकों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। उनसे लंबी पूछताछ हुई है। युवक से यह भी जानकारी ली गई है कि मृतका से उसकी बात होती थी या नहीं। प्राची मोबाइल इस्तेमाल करती थी या नहीं। पुलिस ने और भी कई तरह के सवाल किए हैं।

पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि इस रिश्ते से कोई नाखुश तो नहीं था। पुलिस ने युवक के मोबाइल की भी जांच-पड़ताल की है। सर्विलांस के आधार पर वारदात के समय उनके मोबाइल की लोकेशन भी ट्रैस की जा रही है। 

साहब, हमने किसी का क्या बिगाड़ा था 
मौका ए वारदात पर एक घंटा निरीक्षण करने के बाद कप्तान डेढ़ घंटे तक पुलिस चौकी पर रहे और मातहतों से केस पर मंत्रणा की। इसके बाद कप्तान पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। एक घंटे तक उन्होंने परिवार के लोगों से अलग-अलग बातचीत की। प्राची की मां रामप्यारी और पिता मोहरपाल के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे।

डबडबाई आंखों से यही सवाल किया साहब, हमने किसी का क्या बिगाड़ा था? बेटी के अलावा धेवते नवदीप की मौत का जवाब हम बेटी के ससुराल वालों को कैसे देंगे। कप्तान ने कहा कि जघन्य हत्याकांड का खुलासा निश्चित रूप से और शीघ्र होगा। एसएसपी ने मृतका के माता-पिता के अलावा भाई नीटू, सन्नी और उसकी बहनों से अलग-अलग बातचीत की। पुलिस मान रही है कि कातिल नजदीकी भी हो सकते हैं। 

कप्तान ने चार घंटे की माथापच्ची 
दोपहर बाद कप्तान अनंत देव और एसपी सिटी ओमवीर सिंह ने महकमे के विशेषज्ञों के साथ घटनास्थल का मुआयना किया। चार घंटे तक कप्तान केस की जांच-पड़ताल में जुटे रहे। दधेडू चौकी प्रभारी मनोज चाहल और प्रधान पति तमरेज एडवोकेट से अलग-अलग मामले की जानकारी ली।

मृतका प्राची और उसके भांजे की जहां लाशें मिलीं, उस जगह का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान क्राइम ब्रांच की टीम के अलावा सीओ सदर योगेंद्र सिंह, थाना प्रभारी जीसी शर्मा मौजूद रहे। उधर, ग्रामीणों में दोहरे हत्याकांड के बाद गम और गुस्सा है। प्रधान पति का कहना है कि यदि घटना का शीघ्र खुलासा नहीं हुआ तो बच्चे स्कूलों में जाना छोड़ देंगे। बहन-बेटियां जंगल में जाने से भयाक्रांत हैं। 

खुलासा नहीं हुआ तो  तीन दिन बाद जाम 
भीम सेना के कार्यकर्ताओं में लुहारी खुर्द की दलित छात्रा और उसके भांजे की निर्मम हत्या को लेकर भारी आक्रोश है। बृहस्पतिवार को दूरदराज के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंचकर दोहरे हत्याकांड का खुलासा करने का अल्टीमेटम दिया है। खुलासा नहीं होने पर तीन दिन बाद मोदीपुरम सिवाया टोल प्लाजा पर जाम लगाने की चेतावनी दी है।

लुहारी खुर्द गांव में ग्रेजुएट की छात्रा प्राची और उसके भांजे नवदीप को जिस तरह से गुनहगारों ने मौत के घाट उतारा है। उससे इलाके के लोगों में गम और गुस्सा है। हर कोई घटना का खुलासा चाहता है। बृहस्पतिवार सुबह शामली और देवबंद क्षेत्र के भीम सेना के कार्यकर्ता दीपक बौद्ध, नीटू गौतम, अजय, यशवंत, अक्षय बौद्ध और टीटू समेत दर्जनों कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंचकर सनसनीखेज घटना का शीघ्र खुलासा करने की मांग की। 

नेताओं ने पीड़ितों  को बंधाया ढांढस 
बसपा के जिलाध्यक्ष प्रेमचंद गौतम, सपा की पूर्व मंत्री उमा किरण के पुत्र विक्रांत सिंह एडवोकेट एवं भीम आर्मी शामली के जिलाध्यक्ष दीपक बौद्ध ने पीड़ित के घर पहुंचकर मृतक के परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने पुलिस प्रशासन से दोहरे हत्याकांड की कड़ी भर्त्सना करते हुए शीघ्र खुलासा करने की मांग की है। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें