नई मंडी कोतवाली क्षेत्र की बचन सिंह कालोनी निवासी दलित युवक की प्रेम-प्रसंग के चलते गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक का शव प्रेमिका के घर में ऊपरी मंजिल पर मिला। प्रेमिका के हत्यारोपी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने कहा कि उसने हत्या की बात स्वीकार की है।
दलित रामकुमार का पुत्र विकास (18) सोमवार की रात करीब नौ बजे भोजन के बाद घूमने की बात कह कर घर से निकला था, मगर लौट कर नहीं आया। परिजन उसकी तलाश में मोहल्ला निरालानगर में पहुंचे, तो वहां एक मकान के बाहर भीड़ लगी थी। परिजनों ने देखा कि मकान की ऊपरी मंजिल पर विकास का शव पड़ा था।
कनपटी पर गोली मार कर उसकी हत्या की गई थी। सूचना पर एसपी सिटी ओमवीर सिंह पुलिस बल समेत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से तमंचा, दो कारतूस, एक खोखा भी बरामद किया है। मृतक के पिता ने पुलिस को बताया कि उसके पुत्र का हत्यारोपी की बेटी से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इस वजह से उनके बेटे को घर से बुला कर हत्या कर दी गई।