अनियंत्रित टेंपो पलटा, वृद्ध की मौत, महिला घायल
- फोटो : अमर उजाला
ठूठीबारी (महराजगंज)। रामनगर की ओर से आ रहा तेज रफ्तार टेंपो मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में टेंपो में सवार वृद्ध की मौत हो गई। वहीं एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुट गई।
मंगलवार की सुबह करीब 10.30 बजे किशुनपुर से रामनगर होते हुए एक टेंपो सवारी लेकर ठूठीबारी आ रहा था। अभी सड़कहवां गांव के दक्षिण रामनगर मार्ग के मोड़ पर पहुंचा ही था कि टेंपो अनियंत्रित होकर खेत में पलट गया। इस हादसे में टेंपो में सवार जलील (70) निवासी रामनगर की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वहीं निर्मला नाम की एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। इसकी सूचना मौके पर मौजूद लोगों ने 100 नंबर पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को इलाज के लिए निचलौल सीएचसी भेजवाया। जलील ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के रामनगर निवासी थे। वह नेपाल के नवलपरासी जिले के ग्राम बरगदही थाना सेमरी में काफी दिनों से रह रहे थे। सोमवार को रामनगर अपने भतीजे अजमत की लड़की की शादी में आये थे। शादी संपन्न होने के बाद मंगलवार की सुबह नेपाल अपने घर जा रहे थे कि अनियंत्रित टेंपो पलट जाने से उनकी मौत हो गई। जैसे ही घटना की जानकारी परिजनों को हुई, घर में कोहराम मच गया। ठूठीबारी कोतवाल बृजनंदन सिंह का कहना है कि टेंपो चालक सचिन मिश्रा निवासी किशुनपुर को हिरासत में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि मृतक जलील के भतीजे अजमत की तहरीर पर पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है।