मकान के बाहर लटकाई गईं नीम की टहनियां।
- फोटो : अमर उजाला
खतौली के गांव भंगेला में सलमा की चुटिया कटने की घटना को लेकर महिलाओं में दहशत फैल गई है। भयभीत ग्रामीणों ने आनन फानन में अपने मकानों के दरवाजों और दीवारों पर नीम की टहनियां टांग दी।
चुटिया कटने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गांव खेड़ी तगान के ग्रामीण इस घटना को अभी तक भूल भी नहीं सके थे कि रविवार को गांव भंगेला में भी महिला की चुटिया कटने की घटना हो गई। रविवार शाम को गांव निवासी 30 वर्षीय सलमा पत्नी रियाजूद्दीन नहाने के लिए बाथरूम में गई। बाथरूम से सलमा चीखती चिल्लाती हुई बाहर निकली और नीचे गिकर अचेत हो गई। परिवार के लोग दौड़ तो सलमा की चुटिया कटी मिली।
चुटिया कटने की घटना आग की तरह पूरे गांव में फैल गई। गांव के पुरुष और महिलाओं की भीड़ रियाजूद्दीन के मकान पर एकत्र हो गई। सभी ग्रामीणों ने सलमा की कटी हुई चुटिया देखी। चुटिया कटने की घटना को लेकर गांव की महिलाओं में दहशत फैल गई।
ग्रामीणों ने आनन फानन में इस घटना से बचने के लिए अपने मकानों के दरवाजों और दीवारों में नीम की टहनियां टांग दी। गांव भंगेला में महिला की चुटिया कटने की घटना क्षेत्र में आग की तरह फैल गई है। जिससे अन्य गांवों में भी लोग दहशत में आ गए हैं। परिवार के लोग अचेत महिला का चिकित्सक से उपचार करा रहे हैं।
उधर, गांव भंगेला में महिला की चुटिया कटने की घटना को लेकर पुलिस महकमे में खलबली मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच पड़ताल करने के लिए परिवार के लोगों और ग्रामीणों से पूछताछ की। पुलिस को भी जांच पड़ताल में कुछ नहीं मिला। इंस्पेक्टर पीपी सिंह का कहना है कि भंगेला में महिला की चुटिया कटने की जानकारी मिली है। उनका कहना है यह घटना अंधविश्वासी भी हो सकती है। इसके बावजूद उन्होंने लोगों से महिला को सचेत करने रहने की बात कही है।