सोनौली (महराजगंज)। भारत नेपाल सीमा सोनौली के मुख्य द्वार पर एसएसबी और पुलिस ने संयुक्त जांच के दौरान एक युवक के पास चरस बरामद कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बरामद चरस की कीमत 40.52 लाख रुपये बताई गई है। रविवार दोपहर एसएसबी सब इंस्पेक्टर राजा मुराद अली और चौकी प्रभारी सोनौली अवधेष नारायण तिवारी जवानों के साथ सरहद पर नेपाल से आने जाने वालों की जांच कर रहे थे। उसी समय एक युवक जांच के लिए मुख्य गेट पर रोका गया। जांच के दौरान उसके पेट में बांधे 3 पैकेटों में तीन किलो 460 ग्राम चरस बरामद हुई। पूछताछ में उसने अपना नाम मो. सलीम पुत्र छट्ठू निवासी कस्बा बासी जिला सिद्धार्थनगर बताया। उसने बताया कि चरस नेपाल दांग कस्बे से लेकर वह गोरखपुर जा रहा था। वहां रेलवे स्टेशन गेट नंबर एक पर पहुंचाना था। एसएसबी कंपनी सोनौली इंस्पेक्टर पंकज भट्ट ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई के बाद युवक को जेल भेज दिया गया।