एसएसपी से मिलने पहुंचे फुलत के ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस ऑफिस पहुंचे फुलत के ग्रामीणों ने पुलिस से हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। रतनपुरी पुलिस पर आरोप लगाया कि हत्या के मामले का गैरइरादतन हत्या में दर्ज किया है। पुलिस पर मामले में लापरवाही का आरोप भी लगाया। एसएसपी दीपक कुमार ने ग्रामीणों को मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
रतनपुरी के फुलत के सैकड़ों ग्रामीण सोमवार सुबह पुलिस ऑफिस पहुंचे। पीड़ित रियाजुल ने बताया कि 16 जुलाई को उसके दो बेटे फैसल और फजील जंगल से घास लेकर गांव जा रहे थे। बारिश होने के कारण गांव के रास्तों में पानी भरा हुआ था। पानी के छींटें लगने से गांव के ही दूसरे पक्ष ने पीड़ित के बेटों के साथ मारपीट कर दी और धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। आरोपी दोनों घायलों को मौके पर छोड़कर भाग गए।
दोनों घायलों फैसल और फजील को मेरठ के सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान फैसल की मौत हो गई। पुलिस ने मामले को गैरइरादतन हत्या में दर्ज कर रखा है। ग्रामीणों ने एसएसपी से मामले को हत्या में दर्ज कराने की गुहार लगाई। बताया कि हत्या का एक आरोपी गांव में तांत्रिक का काम करता है। कप्तान दीपक कुमार ने ग्रामीणों से मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया हैं। एसएसपी के आश्वासन के बाद ग्रामीण वापस चले गए।