फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहारी गांव में छात्रा से छेड़छाड़ पर बवाल, दो संप्रदायों के बीच टकराव होने से स्थिति बिगड़ी

Tue, 29 Aug 2017 12:43 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो/ मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
बवाल के बाद फूंकी गई बाइक और तैनात पुलिस। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
छात्रा से छेड़छाड़ पर बिहारी गांव में जमकर बवाल हो गया। भटौड़ा और मोघपुर के ग्रामीण आमने-सामने आ गए। ग्रामीणों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। इस दौरान हुई फायरिंग में बाइक सवार भटौड़ा निवासी युवक गोली लगने से घायल हो गया। संघर्ष के दौरान तीन मोटरसाइकिलों को फूंक दिया गया।
विज्ञापन


दो संप्रदायों के बीच संघर्ष होने की सूचना पर एसपी सिटी ने कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। घायल युवक को जिला चिकित्सालय भेजा गया। एसपी सिटी का कहना है कि मोघपुर के युवकों ने झगड़ा किया है। बाइक भी उन्होंने अपनी ही फूंकी हैं। शाम को छात्रा के पिता की ओर से मोघपुर के हमलावरों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है।  

घटना सोमवार दोपहर करीब 1.30 बजे घटी। भटौड़ा निवासी युवक अपनी बहन की टीसी लेने के लिए सिखेड़ा के कॉलेज में आया था। घटना के समय वह बाइक से बहन को लेकर गांव लौट रहा था। इसी दौरान निकटवर्ती गांव मोघपुर के तीन छात्र भी शहर से बाइक से लौट रहे थे। आरोप है कि बिहारी गांव के जंगल में मोघपुर के छात्रों ने बाइक सवार युवक की बहन से छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपियों ने उसे रोक लिया और मारपीट कर घायल कर दिया।
विज्ञापन


इस पर छात्रा के भाई ने अपने परिजनों को फोन कर दिया। उसे फोन करता देखकर हमलावर छात्रों ने भी गांव में फोन कर दिया। कुछ ही देर में मौके पर दोनों गांव के ग्रामीण आमने-सामने आ गए। इसके बाद दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चले। आरोप है कि इसी दौरान मोघपुर निवासी प्रिंस ने तमंचे से फायरिंग कर दी। एक गोली बाइक सवार भटौड़ा निवासी सुरेंद्र पुत्र गिरवर की जांघ में जा लगी। घटना के समय वह सिखेड़ा से सामान लेकर बाइक से गांव जा रहा था।

फायरिंग होते ही भगदड़ के साथ अफरातफरी मच गई। इसी समय तीन बाइकों में आग लगा दी गई। झगड़े में कई ग्रामीण घायल हो गए। इस बवाल से आसपास के इलाके में तनाव बन गया। दो संप्रदाय के छात्रों और फिर ग्रामीणों के बीच झगड़े में फायरिंग एवं एक युवक को गोली लगने से सूचना पर पुलिस महकमे में खलबली मच गई। एसपी सिटी ओमवीर सिंह सिखेड़ा, जानसठ, नईमंडी, सिविल लाइन, मंसूरपुर थाने की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।

पुलिस ने घायल सुरेंद्र को जिला चिकित्सालय भेजवाया। इसके बाद, मोघपुर के हमलावरों की तलाश में दबिश दी, मगर कोई हाथ नहीं लग सका। शाम को छात्रा के पिता की ओर से मोघपुर के प्रिंस, उत्तम आदि के खिलाफ घटना के संबंध में सिखेड़ा थाने पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है। इस घटना के बाद दोनों गांव में तनाव बना है, जिसके मद्देनजर पुलिस बल तैनात किया गया है। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें