मुजफ्फरनगर। धर्म बदलकर शादी रचाने के बाद सुरक्षा मांगने पहुंचे प्रेमी युगल को जानसठ पुलिस के हवाले कर दिया गया। महिला पुलिस युवती के कोर्ट में बयान दर्ज कराने की तैयारी में जुटी है।
एक युवती ने दूसरे समुदाय के युवक के साथ शादी की थी। इस मामले में युवती के चाचा ने युवक के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। युवती पक्ष की ओर से ज्यादा परेशान करने पर प्रेमी युगल लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दरबार में पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई। वहां से फैक्स आने पर पुलिस ने दोनों को बुलवाया। प्रेमी युगल सोमवार सुबह पुलिस आफिस में कप्तान से मिलकर सुरक्षा की गुहार लगाई।
युवती ने अपनी चाचा-चाची से जान को खतरा बताया। एसएसपी ने जानसठ पुलिस से मामले की जानकारी ली। कोतवाल ने कप्तान को बताया कि युवक के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज है। युवती पक्ष ने नाबालिग के प्रमाण-पत्र पुलिस को दे रखे हैं। कप्तान ने युवक को हिरासत में लेने को कहा। युवती को महिला पुलिस के हवाले कर दिया गया। युवती के कोर्ट में बयान कराने की तैयारी की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।