गोली लगने से घायल हुआ व्यापारी
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरनगर सिविल लाइन थाना क्षेत्र के बामनहेड़ी पुल के पास देवबंद से कलेक्शन कर लौट रहे बिजली के उपकरणों के कारोबारी से बाइक सवार बदमाश पांच लाख की नगदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। लूट की सूचना से पुलिस में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने घंटों बदमाशों की तलाश की, लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिल पाई।
सिविल लाइन थाने के आर्यपुरी निवासी बंटी गाबा रुड़की रोड स्थित आनंद मार्केट में बिजली के उपकरणों का होलसेल काम करते हैं। बुधवार दिन में कारोबारी बंटी देवबंद अपनी वसूली करने के लिए गया था। वहां से उसने करीब पांच लाख रुपयों की वसूली की थी।
रकम को एक बैग में रखकर वह बाइक से वापस शहर लौट रहा था। रात करीब नौ बजे सिविल लाइन क्षेत्र के बामनहेड़ी पुल के पास पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचे के बल पर व्यापारी से बैग लूट लिया और फरार हो गए। लूट की सूचना पर पुलिस में अफरा-तफरी मच गई। कई थानों की पुलिस ने घंटों बदमाशों की तलाश की, लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिल पाई। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जिले भर में चेकिंग अभियान चलवाया।
सूचना पर विधायक कपिलदेव अग्रवाल भी घटनास्थल पर पहुंचे। वहां मौजूद पुलिस अधिकारियों से उन्होंने बात कर नाराजगी जताई। वारदात के बाद तीन बदमाश खतौली क्षेत्र में पकड़े गए हैं। पुलिस उनसे पूछताछ में जुटी है। माना जा रहा है कि वह इसी वारदात से जुडे़ हो सकते हैं। एसपी क्राइम प्रदीप गुप्ता ने बताया कि पीड़ित कारोबारी की ओर से तीन लाख रुपये लुटने की तहरीर थाने में दी गई है।