बाप से रंजिश में 10 साल की बेटी को मारी गोली
- फोटो : महीपाल सिंह
महानगर के देहली गेट शाहजमाल इलाके में बुधवार सुबह रंजिश और कर्ज की खातिर एक फेरी लगाने वाले की दस साल की बेटी को गोली मार दी गई। गोली बच्ची के पेट में लगी है, जिसे नाजुक हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से आरोपी फरार हैं। फिलहाल देर शाम समाचार लिखे जाने तक पुलिस को तहरीर नहीं मिली है। मगर बच्ची व परिजनों ने मौखिक तौर पर जो नाम बताए हैं, उन्हें तलाशा जा रहा है।
बताया गया है कि फेरी लगाने वाले शाहजमाल एडीए निवासी आसिफ का इलाके के ही काले नाम के व्यक्ति से कर्ज को लेकर रंजिश चल रहा है। इस रंजिश के तहत काले की ओर से आसिफ पर पूर्व में धोखाधड़ी का मुकदमा भी दर्ज कराया गया है। अब आसिफ का आरोप है कि वह एक लाख रुपये के कर्ज के बदले अब तक 8 लाख रुपये दे चुका है और अब आरोपी उसके मकान पर भी अपनी नीयत रखे हुए है। इसे लेकर काफी समय से तनातनी बनी हुई है।
आरोप है कि इस मामले में एक दरोगा भी आरोपी की मदद कर रहा है। वाकया बुधवार सुबह का है, जब कासिफ की दस साल की बेटी साजिया उर्फ अशीबा अपने छोटे भाई के साथ मोहल्ले की दुकान पर दूध लेने जा रही थी। तभी रास्ते में एक अन्य व्यक्ति के साथ काले बाइक पर मिला और आसिफ के विषय में जानकारी मांगी। उसे देख बच्चे डर गए और वापस अपने घर की ओर दौड़े। जैसे ही वह दरवाजे पर पहुंचे, तभी आरोपियों ने फायरिंग कर दी। इस फायरिंग में एक गोली बच्ची के पेट में जा लगी।
इससे इलाके में अफरा-तफरी व भगदड़ का माहौल बन गया। बच्ची की चीख पर परिजनों के साथ भीड़ जमा हो गई। आनन-फानन बच्ची को जिला अस्पताल और वहां से मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। एसओ देहली गेट के अनुसार दोनों पक्षों में देनदारी का विवाद व मुकदमेबाजी है। अभी तहरीर नहीं मिली है।