पुरकाजी के पप्पू हत्याकांड में आरोपी पत्नी और प्रेमी के साथ वारदात की जानकारी देते एसपी क्राइम प्रदीप गुप्ता
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरनगर। अवैध संबंधों का अंत यही होता है, जो धमात कैल्लनपुर में हुआ। प्रेम संबंधों में बाधक बनने पर महिला ने अपने पति को प्रेमी की मदद से मौत के घाट उतार दिया। इश्क में अंधी पत्नी ने करवाचौथ से पहले ही अपना सुहाग खुद ही उजाड़ लिया। घटना को दूसरा रूप देने की कोशिश की गई, लेकिन आरोपी पकड़े गए।
पुकराजी के धमात कैल्लनपुर निवासी पप्पू (32) पुत्र हरज्ञान की 11 अक्तूबर की रात गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। उसका शव गांव से बाहर करीब 500 मीटर की दूरी पर गंगनहर की पटरी पर पड़ा हुआ मिला था। मृतक के भाई की तहरीर पर अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में लग गई थी।
घटना शुरू से ही संदिग्ध लग रही थी। पुलिस को पता चला कि मृतक की पत्नी बबीता और चचेरे भाई सतकुमार के बीच अवैध संबंध हैं, जिनका पप्पू विरोध करता था। घटना वाली रात बबीता ने सतकुमार को रात करीब आठ बजे अपने पलंग के नीचे छुपा लिया और पति को दूध में नशे की गोली मिलाकर दे दी।
जैसे ही अहसास हुआ कि पति सो गया है, पलंग के नीचे से सतकुमार निकला और बबीता की सहायता से चुन्नी से पहले पप्पू के हाथ-पैर बांध दिए। उसके बाद बबीता ने तकिए से उसका मुंह दबाना शुरू कर दिया। जिंदा रहने की कोई गुंजाइश न रहे, इसके लिए छुरी से उसका गला भी रेत दिया।
शव को उठाकर मकान से करीब 500 मीटर की दूरी पर गंगनहर की पटरी पर फेंका। उधर, इस मामले में एसपी क्राइप प्रदीप गुप्ता ने प्रेस वार्ता कर घटना का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस ने 48 घंटे के भीतर घटना का खुलासा कर दिया।