मुजफ्फरनगर में नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में भोपा रोड स्थित विश्वकर्मा चौक पर दिनदहाड़े बाइक सवार तीन बदमाशों ने स्कूटी सवार एकाउंटेंट से चार लाख रुपयों की नगदी से भरा थैला लूट लिया।
लूट करने के बाद लुटेरे भोपा बाईपास की ओर भाग गए। सूचना पर एसपी सिटी के नेतृत्व में शहर के तीनों थानों की पुलिस ने घंटों बदमाशों की तलाश की, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लग सका। पीड़ित ने नई मंडी कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई हैं।
दक्षिणी सिविल लाइन निवासी अमित तोमर सरकारी ठेकेदार है। बुधवार को अमित तोमर अपनी फर्म मीनाक्षी एसोसिएट्स पर बैठे थे। दोपहर करीब एक बजे अमित तोमर ने अपने एकाउंटेंट विनय और पूनम को स्कूटी से गांधी कालोनी के बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा से चार लाख रुपये निकाल कर लाने के लिए कहा।
दोनों ने बैंक पहुंच कर रुपये निकाले और थैले में रखकर ऑफिस आने लगे। पीड़ितों के अनुसार जब वह भोपा रोड पर विश्वकर्मा चौक पर पहुंचे तो तभी पीछे से आई सफेद रंग की अपाची बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी।
दोनों के नीचे गिरते ही बदमाशों ने आतंकित कर रुपयों से भरा थैला लूट लिया और भोपा बाइपास की ओर से फरार हो गए। दोनों के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने बाइक सवार लुटेरों का पीछा किया, लेकिन लुटेरे फरार हो जाने में सफल रहे।
दिनदहाड़े शहर में हुई लूट से पुलिस में हड़कंप मच गया। पीड़ित नई मंडी कोतवाली पहुंचे और तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई। नई मंडी कोतवाल ने दोनों पीड़ितों को अपनी गाड़ी में बैठाकर आरोपियों की घंटों तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। एसपी सिटी संतोष कुमार मिश्रा ने भी तीनों थानों की फोर्स के साथ बदमाशों की तलाश की, मगर पुलिस को कोई सफलता हासिल नहीं हो सकी।
सुबह से ही दिखाई दे रहे थे संदिग्ध ः मुजफ्फरनगर। विश्वकर्मा चौक पर स्कूटी सवार से चार लाख की लूट करने वाले बाइक सवार तीन बदमाश सुबह से ही मंडी क्षेत्र में दिखाई दे रहे थे।
कई लोगों ने पुलिस को सूचना देकर बताया कि तीन संदिग्ध युवक सुबह से बाइक पर क्षेत्र में घूम रहे है, वो तीनों किसी घटना को अंजाम दे सकते है। लेकिन पुलिस ने सूचना पर गौर न कर इसमें लापरवाही बरती, जिसके चलते शहर में दिनदहाड़े लूट की घटना हो गई।
एकाउंटेंट पर घूम रही है शक की सुई ः मुजफ्फरनगर। चार लाख की लूट के मामले मे पुलिस का पहला शक एक एकाउंटेंट की ओर घूम रहा है। फिलहाल पुलिस पूछताछ कर रही हैं। पुलिस को शक है कि इसी का लूट में कहीं न कहीं रोल है।