परशुरामपुर थाना क्षेत्र के हैदराबाद निवासी बिल्डिंग मैटेरियल व्यवसायी रमाशंकर जायसवाल के साथ सोमवार की देर शाम बाइक सवार बदमाशों द्वारा लूट के मामले में पुलिस की कार्यवाही तीन अज्ञात बदमाशों पर लूट का मुकदमा दर्ज करने तक सिमट कर रह गई है। घटना के नौ दिन बाद भी पुलिस लुटेरों तक नहीं पहुंच पाई।
अप्रैल माह की 11 तारीख को देर शाम चौरी बाजार में स्थित बिल्डिंग मैटेरियल्स की दुकान से लौटते समय रमाशंकर जायसवाल पुत्र भानुप्रताप की बाइक को बेनीगंज गांव के पास रोक कर बाइक सवार तीन बदमाशों ने असलहा सटाकर 25 हजार रुपये, मोबाइल फोन लूट लिए थे। घटना की सूचना पाकर कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची थी, मगर तब तक बदमाश गायब हो चुके थे। इसके बाद पुलिस ने तीन अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध लूट की धारा में एफआईआर दर्ज किया। एसपी के निर्देश पर बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई है। इसके अलावा क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम को भी लगाया गया है। स्वाट टीम ने पीड़ित से बदमाशों का हुलिया आदि के बारे में जानकारी ली। इसके बाद भी पुलिस के हाथ अब तक कोई ठोस सुराग नहीं लग सके। हालांकि पुलिस के शक के दायरे में पड़ोसी जनपद के भी बदमाश हैं, मगर किसी के भी हाथ न लगने से इस मामले में पुलिस अभी भी खाली हाथ है।
00
पुलिस की टीमें घटना में शामिल बदमाशों के बारे में पता लगाने में जुटी हुई है। उनकी शिनाख्त कर गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयत्नशील है। जल्द ही परिणाम सामने होगा।
रोहित मिश्र
एएसपी बस्ती>