पुरकाजी कस्बे से एक युवक चार नाबालिग लड़कियों का अपहरण कर ले गया। लड़कियों के दादा ने आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कस्बा निवासी गुलजार पुत्र लियाकत मूल रूप से छपार के रेई गांव का रहने वाला है। एक वर्ष पूर्व वह कस्बे में आकर रहने लगा था। रेई में रहने के दौरान उनके घर में बिहार निवासी युवक मोहित का आना-जाना था। मंगलवार रात मोहित पुरकाजी आया और गुलजार के घर पर ठहर गया।
सवेरे जब गुलजार और उसके परिजन सोकर उठे तो देखा मोहित घर पर नहीं था। कुछ देर बाद पता चला कि उसकी चार पुत्रियां हिना (15), साजिया (14), जोया (12), सोकिया (9) भी घर पर नहीं थीं। लड़कियों के नहीं मिलने पर हड़कंप मच गया। परिजनों ने भागदौड़ कर उनकी इधर-उधर तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। बुधवार शाम गुलजार के पिता लियाकत ने तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस फिलहाल मामले में कुछ भी कहने से बच रही है।
दो किशोरियों के अपहरण की रिपोर्ट
शहर कोतवाली में दो किशोरियों को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। नया बांस निवासी इशरत ने बताया कि उसकी नाबालिग किशोरी को मोहल्ले के ही परवेज, शहजादी, मीनू, शाहनवाज, अनवरी, अकरम, सितारा, आशु, रिजवाना और अफसाना को बहला-फुसलाकर ले गए हैं। वहीं दूसरी ओर सुजडू निवासी शकील ने गांव के ही जियाउर्ररहमान और खानू पर पीड़ित की भतीजी को बहला-फुसलाकर ले जाने को आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों मामलों में सभी आरोपियों के खिलाफ अपहरण की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर दी है।
हरियाणा पुलिस की खालापार में दबिश
शहर कोतवाली के खालापार में हरियाणा के रोहतक की पुलिस ने एक आरोपी की तलाश में दबिश दी। आरोपी के नहीं मिलने पर पुलिस बैंरग लौट गई। रोहतक से आए एसआई मंजीत सिंह के अनुसार खालापार निवासी अब्बास पुत्र अब्दुल लांक के खिलाफ उनके थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा में रिपोर्ट दर्ज है। उसकी तलाश में दबिश दी गई है।