मुजफ्फरनगर। पुलिस अंबा विहार कॉलोनी में छह दिन पूर्व हुए हुमा हत्याकांड के खुलासे के बेहद करीब पहुंच गई है। पुलिस ने वारदात में एक युवक को हिरासत में लिया है। मामले में नजदीकी का भी नाम सामने आ रहा है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
शहर की पॉश कॉलोनी अंबा विहार में 11 अप्रैल को मुर्गी फॉर्म मालिक रहीस अहमद की पत्नी हुमा की गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के वक्त घर में मौजद हुमा की बेटी हानिया को बदमाश एक कमरे में बंद कर घर से नकदी-जेवरात लूटकर फरार हो गए थे। मामले में रहीस अहमद ने अज्ञात के खिलाफ हत्या व लूट में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तभी से पुलिस वारदात की जांच-पड़ताल में लगी थी। इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने बताया कि हुमा हत्याकांड में रहीस अहमद के पास ही रहने वाले एक युवक को शक के आधार पर हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ में जो बातें सामने आ रही हैं, वे बेहद चौंकाने वाली हैं। हत्या में परिवार के ही एक बेहद नजदीकी का हाथ होने की बात भी सामने आ रही हैं, जिनकी पुष्टि की जा रही है। इंस्पेक्टर का कहना है कि पूछताछ में सामने आए तथ्यों की पुष्टि के बाद बुधवार को वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।