मुजफ्फरनगर। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मोहल्ला ब्रह्मपुरी निवासी शिवकुमार ने बताया कि पंजाब के लुधियाना निवासी गुरुचरण ने मोहल्ला लद्दावाला में बालाजी स्टोर नाम से साइकिल स्टोर खोला था। आरोप है कि दुकान मालिक ने शिवकुमार के पहचान-पत्र व अन्य कागजातों से उसके नाम पर बैंक खाते खोले और उसे मालिक दर्शाकर लाखों का लेनदेन किया। बाद में रकम लौटाने के बजाय गुरुचरण ने वह दुकान बंद कर दी, जिसके बाद से लेनदेन शिवकुमार पर तकादा कर रहे हैं। पीड़ित के गुहार लगाने पर कोर्ट ने थाना पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
संदिग्ध हालात में लापता हुआ युवक
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला किदवईनगर निवासी साबिर ने तहरीर देकर बताया कि उसका बेटा आसिफ (30) चार फरवरी की शाम खाना खाकर घर से घूमने के लिए निकला था। इसके बाद से ही वह घर नहीं लौटा। हरसंभव तलाश के बावजूद उसका सुराग नहीं लगा। युवक का मोबाइल भी बंद आ रहा है। पीड़ित ने अनहोनी की आशंका जताते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है।
फर्जी मेडिकल रिपोर्ट बनवाने का लगाया आरोप
मुजफ्फरनगर। ककरौली थाना क्षेत्र के गांव चौरावाला निवासी जावेद ने बुधवार को डीएम ऑफिस में शिकायती पत्र देकर बताया कि कुछ दिन पूर्व उसका गांव के राशिद से झगड़ा हो गया था। आरोप है कि मामूली रूप से घायल राशिद ने मोरना पीएचसी पर कथित रूप से सुविधा शुल्क देकर फर्जी मेडिकल रिपोर्ट बनवा ली, जिसमें उसे गंभीर रूप से घायल दर्शाया गया। इसी आधार पर पुलिस ने जावेद पक्ष के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जावेद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जमानत पर जेल से आने के बाद जावेद ने डीएम से फर्जी मेडिकल कराने की शिकायत की, जिसके बाद राशिद का दोबारा डॉक्टरों के पैनल से मेडिकल कराया गया है। पीड़ित ने डीएम से मामले में न्याय की गुहार लगाई है।
किशोरी का बहला-फुसलाकर अपहरण
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला दक्षिणी खालापार निवासी मतलूब ने तहरीर देकर बताया कि मेरठ निवासी पिता-पुत्र अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर उसकी नाबालिग बेटी का बहला-फुसलाकर अपहरण कर ले गए हैं। पीड़ित ने बेटी की सकुशल बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।
जिला अस्पताल में दो पक्ष भिड़े, हंगामा
मुजफ्फरनगर। छपार थाना क्षेत्र के गांव खामपुर में बुधवार शाम के समय सादिक व उस्मान पक्ष के बीच किसी बात को लेकर मारपीट हो गई थी। संघर्ष के बाद दोनों पक्ष जिला अस्पताल में अपने-अपने घायलों को लेकर मेडिकल कराने पहुंचे थे। यहां एक बार फिर दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए, जिसके बाद उनमें जमकर मारपीट हुई, जिससे अस्पताल में भी अफरातफरी मच गई। पुलिस ने पहुंचकर स्थिति पर काबू पाया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शहर कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।