खेत पर काम कर रहे युवक पर हमला
पुरकाजी। क्षेत्र के एक गांव में खेत पर काम कर रहे युवक पर किसी ने हमला कर घायल कर दिया, जिसे परिजनों ने अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत के चलते घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां पर उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
ग्राम नंगला दुहैली निवासी अंकित पुत्र ओमकुमार ने गांव के ही किसान सोमपाल का खेत बटाई पर ले रखा है। शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे वह खेत पर काम कर रहा था। इसी दौरान वह निकट ही नहर पर किसी काम से गया था, जहां पर किसी ने उस पर हमला कर उसे घायल कर दिया। शोर मचाने पर काम कर रहे लोग उसके पास पहुंचे और उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी। जिस पर वह खेत पर पहुंचे और 100 डायल पुलिस को घटना की सूचना दी। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को पुरकाजी अस्पताल लाई, जहां से गंभीर हालत के चलते डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इस संबंध में ग्रामीणों से जानकारी करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने बताया कि युवक की हालत देखकर किसी व्यक्ति द्वारा हमला करने की आशंका लग रही है। जबकि पुलिस का कहना है कि इस संबंध में अभी तक कोई तहरीर नहीं आई है, तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।
किसान गोष्ठी का आयोजन
पुरकाजी। क्षेत्र के ग्राम बढ़ीवाला में शुक्रवार को ग्राम प्रधान जोगेंद्र सिंह के आवास पर एक किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में सरदार बल्लभ भाई पटेल विश्वविद्यालय मेरठ से आए डाक्टर आर बी यादव, डा प्रशांत मिश्रा, डा मोहन लाल आदि कृषि वैज्ञानिकों द्वारा किसानों को बायो फर्टिलाइजर व बायो जैविक खेती के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने दवाई के बारे में बताया कि इस दवाई को गन्ने, धान, मक्का, उर्द, फूल बागवानी आदि में डालने से किसी अन्य दवाई के डालने की जरूरत नहीं रह जाती है न फसलों को कोई रोग ही लगता है। गोष्ठी में सरदार टहल सिंह, अजीत सिंह, बिजेंद्र सिंह, भवंर सिंह, महल सिंह, बालेंद्र राठी, सुभाष, आशीष, केहर सिंह आदि किसान मौजूद रहे।