वृद्धा के पैर में गोली लगी
बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। नई बस्ती क्षेत्र में संदिग्ध अवस्था में वृद्धा के पैर में गोली लगने से अफरातफरी मच गई। गोली कहां से आई और किसने चलाई। इसका पता नहीं लग सका है। लहूलुहान वृद्धा को परिजन सीएचसी पर लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने आनन-फानन में प्राथमिक उपचार देकर वृद्धा को जिला चिकित्सालय रैफर कर दिया है।
नई बस्ती में यूसुफ का मकान है। मंगलवार देर शाम यूसुफ की पत्नी (70) बेगम घर के आंगन में बैठी थी। घर का दरवाजा खुला था, इसी बीच बेगम के पैर में गोली लग गई। गोली की आवाज सुनकर परिजन दौड़ पड़े। लहूलुहान अवस्था में तड़प रही बेगम को परिजन तत्काल चिकित्सक के पास ले गए, जहां से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। चिकित्सकों ने वृद्धा का प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे जिला चिकित्सालय रेफर किया है। उधर, गोलीकांड से मोहल्ले में भी हड़कंप मच गया। लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। पीड़ित वृद्धा के परिजनों के अनुसार गोली कहां और किसने चलाई है इसकी जानकारी नहीं है। चर्चा है कि मोहल्ले में ही एक युवक तमंचे की जांच-पड़ताल कर रहा था, जिससे अचानक गोली चल गई, जो वृद्धा के पैर में लगी है। देर रात तक मामले में कोतवाली पर तहरीर नहीं दी गई थी। पुलिस ने तहरीर आने पर जांच-पड़ताल करने की बात कही है।