आरटीआई कार्यकर्ता पर फायरिंग के मामले में रिपोर्ट दर्ज
तितावी (मुजफ्फरनगर)। गांव ढिंढावली के जंगल में खेत पर पानी चलाने पहुंचे शाहपुर निवासी आरटीआई कार्यकर्ता पर की गई फायरिंग के मामले में परिजनों ने पांच नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। शाहपुर में सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जों की शिकायत करने की रंजिश में हमला करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शाहपुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला मंगलापुरी मंडी निवासी कृष्णपाल आरटीआई कार्यकर्ता है, जिसके खेत तितावी क्षेत्र के गांव ढिंढावली के जंगल में हैं। मंगलवार को कृष्णपाल खेतों पर पानी चलाने गया था, जहां बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। इसमें कृष्णपाल को तीन गोलियां लगी थीं, जिसे गंभीर हालत में पहले जिला अस्पताल और फिर वहां से मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया था। कृष्ण्पाल पर शाहपुर थाने में रंगदारी के दो मुकदमे भी दर्ज हैं, जिनमें वह आठ मई को ही जमानत पर छूटकर आया था। कातिलाना हमले के इस मामले में घायल की पत्नी सुशीला ने तहरीर देकर बताया कि उसके पति ने शाहपुर में सरकारी जमीन पर कुछ लोगों द्वारा किए गए अवैध कब्जों की शिकायत आला अधिकारियों व शासन से की थी। शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने कुछ लोगों के कब्जे हटवाए भी थे। सुशीला का कहना है कि इसी रंजिश में शाहपुर निवासी बाबूराम, बिनेश, राजीव उर्फ राजू डॉ, विजय, अजय व दो अज्ञात ने उसके पति पर हत्या के इरादे से फायरिंग की है। एसओ तितावी क्षितिज कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। हमला क्यों हुआ, इस संबंध में फिलहाल कुछ नहीं कहा जा सकता।