पुलिस ने 2.26 लाख रुपये की नगदी बरामद की
रतनपुरी/खतौली। रतनपुरी पुलिस ने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर गांव सठेड़ी गंगनहर पुल पर चेकिंग करते हुए बाइक सवार युवक से 2 लाख 26 हजार 400 रुपये बरामद किए।
थाना प्रभारी निरीक्षक कमल सिंह चौहान ने बताया कि लोकसभा चुनाव को लेकर बुधवार को एसआई विनोद राघव और सिपाही संजय कुमार, नवीन चौधरी, नरेश कुमार आदि के साथ गांव सठेड़ी गंगनहर पुल पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। बुढ़ाना की ओर से आते हुए बाइक सवार एक युवक को चेकिंग के लिए रोका। तलाशी के दौरान बाइक सवार युवक के पास से 2 लाख 26 हजार 400 रुपये बरामद हुए। पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर बाइक सवार युवक ने अपना नाम नईम पुत्र अलीमुददीन निवासी गांव फुलत बताया। नईम ने बताया कि वह अपने गांव फुलत से बाइक द्वारा सरधना जा रहा था। पुलिस द्वारा बरामद रुपयों की जानकारी करने पर नईम रुपयों के विषय में कोई प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने बरामद नगदी को सीज कर दिया। प्रभारी निरीक्षक ने इस संबंध में उच्चाधिकारियों को भी अवगत करा दिया है।