महिला और दो युवक लापता
मुजफ्फरनगर। शहर क्षेत्र से पिछले तीन दिन में महिला व दो युवक संदिग्ध हालात में लापता हो गए। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र की भरतिया कॉलोनी निवासी शशिकांत ने तहरीर देकर बताया कि उसकी पत्नी विमला देवी 20 मार्च की सुबह संदिग्ध हालात में लापता हो गई। हरसंभव तलाश के बावजूद उसका सुराग नहीं लगा। उधर, शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रामपुरी निवासी सुरेश चंद ने भी तहरीर देकर अपने बेटे प्रीतेश के घर से लापता होने की जानकारी देकर उसकी सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है। वहीं, छपार क्षेत्र के गांव बरला निवासी राजू ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसका भतीजा विनीत उर्फ बादल शनिवार को ई-रिक्शा में सवार होकर गांव जड़ौदा से लौट रहा था। यहां वह शहर के मीनाक्षी चौक पर ई-रिक्शा से उतरा और लापता हो गया। हरसंभव तलाश के बावजूद उसका सुराग नहीं लगा। पीड़ित ने अनहोनी की आशंका जताते हुए भतीजे की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है। पुलिस ने तीनों की गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामूली विवाद में एक-दूसरे के घर पर फेंके अंडे
मुजफ्फरनगर। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मोहल्ला केशवपुरी निवासी सुनील व वेदपाल के बीच शनिवार देर शाम किसी बात को लेकर विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर दोनों के बीच मारपीट हो गई, जिसके बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के घर पर जमकर अंडे फेंके। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया, जिनका शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया गया है।