देवबंद (सहारनपुर)। करीब सात माह पुराने गोकशी के मामले में पुलिस ने फरार दो आरोपियों के विरुद्ध कुर्की की कार्रवाई आरंभ कर दी है। इतना ही नहीं पुलिस ने कोर्ट के आदेश की अवहेलना करने के आरोप में दोनों के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज की है।
सांपला खत्री गांव में 5 मई को गोकशी पकड़े जाने के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। फरार चल रहे सांपला खत्री निवासी अनीस कुरैशी के पुत्र पोपन व बरीकी के विरुद्ध पुलिस ने 11 अगस्त को 82 की कार्रवाई की थी, लेकिन उसके बाद भी दोनों आरोपी कोर्ट में पेश नहीं हुए। संबंधित राज्जुपुर पुलिस चौकी इंचार्ज अशोक कुमार ने बताया कि अदालत के आदेश की अवहेलना के आरोप में पोपन व बरीकी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। जबकि कुर्की की कार्रवाई के लिए अदालत से धारा 83 की अनुमति ली जा रही है। उन्होंने बताया कि गोकशी के मामले में बरीकी, पोपन के साथ ही फरहाना और साजिद के विरुद्ध गोवध व पशु क्रूरता अधिनियम के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज है। जिसमें साजिद और फरहाना को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुका है, जबकि पोपन व बरीकी तभी से फरार चल रहे हैं।