गैंगरेप का आरोपी परिवार संग फरार
भोपा (मुजफ्फरनगर)। क्षेत्र के एक गांव में दुष्कर्म के बदले दुष्कर्म करने के आरोपी व्यक्ति ने पंचों के समझौते का फरमान बदल दिया। थाने से छूटकर वह अपने परिवार के साथ भूमिगत हो गया। उसने थाने से छूटने के बाद समझौता करने का आश्वासन भी लोगों को दिया था।
भोपा थाना क्षेत्र के गांव में पिछले दिनों एक किशोरी से दुष्कर्म का मामला चर्चाओं में आया था, जिसमें गांव का ही एक युवक जेल में बंद है। जेल में बंद आरोपी की मां ने आरोप लगाया था कि दुष्कर्म का बदला लेने के कारण बेटी का पिता अपने साथियों के साथ उसके घर में घुस आया था, जिन्होंने उसके साथ गैंगरेप किया। एक आरोपी को पुलिस के हवाले किया गया था। गांव के कुछ लोगों ने दोनों ओर से मामले को सुलझाने की हैसियत से एक समझौते के तहत आरोपी को छुड़ा लिया था। आरोपी बिना समझौते के ही अपने परिवार संग गांव छोड़ गया है। उधर, जेल में बंद आरोपी युवक की मां ने अधिकारियों से शिकायत की है कि पुलिस ने आरोपी को थाने से छोड़ दिया है। यह भी चर्चा है कि इस मामले में महिला ने महिला आयोग में शिकायत की थी, जिसकी टीम भी जानकारी के लिए गांव पहुंची थी। थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि हाल में महिला आयोग सहित किसी भी प्रकार की जानकारी पुलिस को नहीं दी गई है।
शिकार को निकले तीन शिकारी पकड़े
(फोटो समाचार)
भोपा (मुजफ्फरनगर)। हस्तिनापुर वन्यजीव अभ्यारण्य क्षेत्र में वन्यजीवों का शिकार करने पहुंचे तीन आरोंपियों को पुलिस ने हथियारों सहित दबोच लिया। उनके पास से बंदूक, चाकू और जिंदा कारतूस भी बरामद हुए।
भोपा थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना पर शुक्रताल चौकी प्रभारी बालेंद्र सिंह ने फोर्स के साथ मजलिसपुर तौफीर के खादर क्षेत्र में वन्यजीवों का शिकार करने के इरादे से घूम रहे तीन लोगों कृष्ण, नीटू, जौनी निवासीगण मजलिसपुर तौफीर को एक नली देशी बंदूक, चार कारतूस, दो चाकू सहित गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा कायम करते हुए जेल भेजा दिया है।
सेफ्टी टैैंक में गिरने से बच्चे की मौत
शाहपुर। कस्बे के मोहल्ला फुलवारी में सेफ्टी टैंक में गिरने से सात वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। बच्चे की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
शाहपुर के मौहल्ला फुलवारी निवासी गुलफान राणा का सात वर्षीय पुत्र सहादत शनिवार देर शाम पड़ोस में बन रहे सेफ्टी टैंक में गिर गया। घंटो बाद गायब होने पर तलाश की गई तो बच्चानवनिर्मित सेफ्टी टैंक में पड़ा मिला। आनन फानन में उसे कस्बे के निजी चिकित्सक के यहां ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। गुलफाम को औलाद नहीं है। उसने अपने बड़े भाई मोहम्मद से सहादत को गोद ले रखा था।