घरेलू कलह में पत्नी और प्रेमिका को घर से निकाला
मुजफ्फरनगर। शहर के अमित विहार निवासी युवक ने दूसरे वर्ग की युवती से करीब डेढ़ साल पूर्व प्रेम-विवाह किया था। एक सप्ताह पूर्व उसने अपनी प्रेमिका को भी घर ले आया। विरोध करने पर आरोपी ने दुधमुंहे समेत पत्नी के साथ ही उक्त युवती को भी मारपीट कर घर से निकाल दिया। दोनों ने थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।
नई मडी कोतवाली क्षेत्र के अमित विहार निवासी महिला दुधमुंहे बच्चे समेत एक अन्य युवती को लेकर थाने पहुंची और तहरीर देकर बताया कि उसने करीब डेढ़ साल पूर्व प्रेम-प्रसंग के चलते दूसरे वर्ग के युवक से विवाह किया था। दोनों के बीच करीब ढाई-तीन माह का बच्चा भी है। पीड़िता का कहना है कि युवक करीब एक सप्ताह पूर्व उक्त युवती को भी घर ले आया और पत्नी द्वारा पूछे जाने पर उसे भी साथ रखने की बात कही। इसका विरोध किए जाने पर आरोपी ने पत्नी के साथ मारपीट कर दी, तभी से घर में विवाद चल रहा था। आरोप है कि सोमवार सुबह भी दंपती के बीच युवती को घर में रखने को लेकर विवाद हुआ, जिस पर गुस्साए युवक ने अपने दुधमुंहे बच्चे के साथ पत्नी और उक्त युवती को भी मारपीट कर घर से निकालकर घर के मेन गेट पर ताला लगा दिया। पीड़ित पत्नी व उक्त युवती ने पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है, जिस पर एसएसआई मदनसिंह बिष्ट ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत करते हुए आरोपी की तलाश में पुलिस टीम भेजी, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ा।