घर में घुसकर की मारपीट
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के कलीम कॉलोनी मिमलाना रोड निवासी शमशाद उर्फ रानू ने तहरीर देकर बताया कि उसकी पड़ोसी अनीस पेंटर से मामूली कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि तीन जनवरी की शाम अनीस पेंटर के साथ ही उसकी पत्नी व बेटों अलबाब और अदनान घर में घुस आए और शमशाद के साथ गालीगलौज कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ जमकर मारपीट करते हुए घायल कर दिया। शोर मचाने पर आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गैंगस्टर का आरोपी चाकू समेत दबोचा
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पुलिस ने गैंगस्टर के वांछित आरोपी अमन उर्फ छोटा पुत्र इरफान उर्फ फानू निवासी खालापार टंकी चौक को चेकिंग के दौरान शनिवार देर रात शहीद चौक से गिरफ्तार कर लिया। एसआई सतेंद्र सिंह के अनुसार, आरोपी के पास से चाकू भी बरामद किया गया है, जिसे रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
नई मंडी क्षेत्र से दो कार चोरी
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र से बदमाशों ने शनिवार रात घर के बाहर खड़ी दो कार चोरी कर ली। अलमासपुर निवासी राजेंद्र के घर के बाहर खड़ी उसकी मारुति-800 और गांव कूकड़ा के सूर्या एन्क्लेव निवासी पवन कुमार के घर के बाहर खड़ी आल्टो कार बदमाश देर रात ले उड़े। दोनों पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।