किशोर की करंट से मौत
मुजफ्फरनगर। किदवईनगर में शुक्रवार शाम करंट लगने से किशोर की मौत हो गई।
शहर कोतवाली क्षेत्र के किदवईनगर मोहल्ला निवासी शाहिद का 14 साल का बेटा आबाद शुक्रवार शाम घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान अचानक वह खंभे में उतरे करंट की चपेट में आकर बुरी तरह से झुलस गया। शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे परिजन किशोर को तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को परिजनों के सुपुर्द कर दियाष गमगीन माहौल में उसे सुपुर्द ए खाक कर दिया।
युवक की होंडा सिटी कार चोरी
मुजफ्फरनगर। गाजियाबाद जनपद के गोकुल धाम सोसाइटी निवासी जसप्रीत सिंह ने तहरीर देकर बताया कि वह शुक्रवार को शहर के भोपा रोड स्थित एक होटल में आयोजित सेमिनार में भाग लेने के लिए आया था। इस दौरान उसने अपनी होंडा सिटी कार को होटल के बाहर ही पार्क किया हुआ था। आरोप है कि वहां से बदमाश उसकी कार चोरी कर ले गए। कार में एक बैग भी था, जिसमें जसप्रीत के जरूरी कागजात थे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
बुजुर्ग दंपति ने बहू से लगाई सुरक्षा की गुहार
मुजफ्फरनगर। शहर के साउथ सिविल लाइन निवासी बुजुर्ग दंपति ने शनिवार दोपहर के समय सिविल लाइंस थाने पहुंचकर पुत्रवधू पर मारपीट का आरोप लगाते हुए उससे सुरक्षा दिलाने के साथ ही कार्रवाई की भी गुहार लगाई। बुजुर्ग दंपति की व्यथा सुनकर इंस्पेक्टर डीके त्यागी ने उनका मेडिकल कराने के साथ ही आरोपी पुत्रवधू के पास पुलिसकर्मियों को भेजकर उसे भविष्य में बुजुर्ग दंपति से मारपीट करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी, जिसके बाद मामला शांत हो गया।