मुजफ्फरनगर। पुलिस लाइन क्षेत्र में सिपाही शाकिर हत्याकांड में फरार चल रहे अभियुक्त सिपाही ने बृहस्पतिवार को कोर्ट में सरेंडर किया। कोर्ट ने आरोपी सिपाही को जेल भेज दिया। आरोपी की जमानत अर्जी पर 11 दिसंबर की तिथि नियत की गई है।
वर्ष 2011 में सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुलिस लाइन में तैनात सिपाही शाकिर की हत्या कर दी गई थी। पुलिस की जांच में सिपाही की हत्या का कारण पत्नी के अवैध संबंध सामने आए थे। परिजनों की ओर से मामले में पत्नी रेशमा, मृतक की सास इशरत जहां, पत्नी का प्रेमी भारतवीर और अमित को नामजद किया किया था। मुख्य आरोपी भारतवीर के भाई पुलिस में सिपाही रामबीर को भी कोर्ट ने तलब किया था। लेकिन, उसके पेश नहीं होने पर गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे। बाद में कोर्ट में पेश न होने पर उसके विरुद्ध कुर्की के आदेश किए थे। बृहस्पतिवार को बिजनौर में तैनात सिपाही रामबीर ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया, जहां से कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया। साथ ही उसकी जमानत अर्जी पर सुनवाई के लिए 11 दिसंबर नियत की गई है।