बंद मकान के ताले तोड़कर लाखों की चोरी
मुजफ्फरनगर। महिला के बंद मकान के ताले तोड़कर चोरों ने हजारों की नकदी व लाखों कीमत के जेवरात समेत तमाम कीमती सामान चोरी कर लिया। पीड़िता ने तीन नामजद व कई अज्ञात पर शक जताते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव सुजड़ू की खेड़ा पट्टी निवासी मुन्नी पत्नी उस्मान के यहां यह चोरी की वारदात हुई। उसने कोतवाली पर तहरीर देकर बताया कि 15 जुलाई को वह मकान के ताले लगाकर बीमार रिश्तेदार को देखने के लिए पंजाब के मलेर कोटला गई थी। पीड़िता के मुताबिक 22 जुलाई को पड़ोसी रिजवान ने उसे फोन कर घर में चोरी होने की जानकारी दी। इस पर अगले ही दिन वह घर लौट आई तो देखा कि पूरा घर चोरों द्वारा खंगाल लिया गया था। मुन्नी ने तहरीर देकर बताया कि घर से 57 हजार की नकदी, लाखों कीमत के चांदी-सोने के जेवरात, तीन सोने की मोहरें, कीमती बर्तन व कपड़ों के साथ ही गैस सिलेंडर व अन्य तमाम सामान चोरी कर लिया गया है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि मोहल्ले के ही सोनू, छोटू व शहजाद पेशेवर चोर हैं, जो आए दिन चोरी, लूट की घटनाओं को अंजाम देते हैं। घर में चोरी वाले दिन उक्त आरोपी ही अपने चार-पांच साथियों के साथ उसके घर के पास घूमते देखे गए थे। महिला ने उक्त आरोपियों पर ही शक जताते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।