युवक का अपहरण कर मांगी फिरौती
मुजफ्फरनगर। दिल्ली में युवक का अपहरण कर परिजनों से बदमाशों ने फिरौती मांगी है। इससे घबराए परिजनों ने दिल्ली पुलिस से संपर्क किया, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो सकी है। पीड़ितों ने सांसद डॉ संजीव बालियान से मिलकर व्यथा सुनाई। सांसद के निर्देश पर सिखेड़ा थाने में अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने केस को दिल्ली पुलिस को रेफर करने की तैयारी कर ली है।
गांव सिखेड़ा निवासी दीपक धीमान के माता-पिता की मृत्यु हो चुकी है। वह गांव में अपने चचेरे भाई मनोज के साथ रहता है। दीपक दिल्ली में वेल्डर है। 15 दिसंबर को दीपक अपना काम करने के लिए गया था, जहां से उसने 27 को घर आने के लिए मनोज को फोन किया था, लेकिन वह घर नहीं पहुंच पाया। परेशान परिजनों ने उसकी तलाश के लिए दिल्ली में डेरा डाला, मगर कोई सफलता नहीं मिली। दिल्ली पुलिस से मिलकर उसकी बरामदगी की गुहार लगाई। पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की है। सोमवार को मनोज के फोन पर कुछ लोगों ने दीपक को छोड़ने की एवज में ढाई लाख रुपये की फिरौती मांगी है। मंगलवार को पीड़ित मनोज ने सांसद डॉ संजीव बालियान से मिलकर दीपक के बारे में जानकारी देकर उसकी बरामदगी की गुहार लगाई। सांसद के कहने पर सिखेड़ा पुलिस ने दीपक के अपहरण का मुकदमा दर्ज किया। हालांकि सिखेड़ा पुलिस ने वारदात के यहां नहीं होने पर दिल्ली पुलिस के हवाले करने की तैयारी शुरू कर दी है। सिखेड़ा एसओ मनोज चौधरी ने बताया कि मामला दिल्ली से जुड़ा है, हालांकि युवक के सिखेड़ा निवासी होने के कारण केस दर्ज किया गया है। पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है। केस को रेफर करने से पहले युवक को बरामद करने के प्रयास किए जाएंगे।